OG Box Office Collection: 150 करोड़ के बाद 'ओजी' की रफ्तार पड़ी धीमी, जानें सातवें दिन कितनी की कमाई
OG Movie Collection Day 7: साउथ सुपरस्टार पवन कल्याण और इमरान हाशमी की फिल्म 'दे कॉल हिम ओजी' ने बॉक्स ऑफिस पर 150 करोड़ के आंकड़े को पार कर लिया है। फिल्म ने सातवें दिन कितना कलेक्शन किया है, चलिए जानते हैं।
विस्तार
तेलुगु सुपरस्टार पवन कल्याण की मच अवेटेड फिल्म 'ओजी' इस वक्त सिनेमाघरों में धूम मचा रही है। निर्देशक सुजीत के निर्देशन में बनी इस गैंगस्टर ड्रामा फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर पहले ही हफ्ते में रिकॉर्डतोड़ कलेक्शन कर लिया है। बड़े पैमाने पर रिलीज हुई इस फिल्म ने महज सात दिनों में ही भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 150 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। वहीं, वर्ल्डवाइड कलेक्शन के आंकड़े भी ठीक-ठाक ही हैं। हालांकि फिल्म की कमाई की रफ्तार अब धीमी पड़ती जा रही है।
ओपनिंग डे पर धमाकेदार शुरुआत
फिल्म ने एडवांस शोज से ही लगभग 21 करोड़ रुपये की कमाई करके बॉक्स ऑफिस पर अपने शानदार सफर की नींव रखी। इसके बाद पहले दिन यानी गुरुवार को कलेक्शन ने सीधा 63 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर दिया। शुरुआती दो दिनों में ही फिल्म ने यह साबित कर दिया कि पवन कल्याण का स्टारपावर अब भी दर्शकों पर गहरी पकड़ बनाए हुए है।
यह खबर भी पढ़ें: Battle Of Galwan: इस दिन से शुरू होगी सलमान की फिल्म के दूसरे शेड्यूल की शूटिंग, चित्रांगदा भी करेंगी ज्वाइन
पहले हफ्ते में फिल्म के कलेक्शन में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। तीसरे और चौथे दिन कमाई लगभग बराबर रही, जबकि सोमवार और मंगलवार को इसमें गिरावट दर्ज की गई। सातवें दिन फिल्म ने लगभग 4.21 करोड़ रुपये का बिज़नेस किया। इस तरह ‘ओजी’ का कुल घरेलू कलेक्शन 160 करोड़ रुपये हो गया है।
फिल्म के मेकर्स के अनुसार, ‘ओजी’ ने न सिर्फ घरेलू बॉक्स ऑफिस पर बल्कि वर्ल्डवाइड भी शानदार प्रदर्शन किया है। फिल्म ने सात दिनों के अंदर ही 250 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर लिया है। इसने पवन कल्याण की फिल्मों में अब तक की सबसे तेज़ कमाई करने वाली फिल्मों में जगह बना ली है।
‘ओजी’ की सफलता की एक बड़ी वजह पवन कल्याण का दमदार एक्शन है। उनके किरदार का नाम ओजस गंभीरा है, जिसे फिल्म के टाइटल ओजी का आधार बनाया गया। वहीं, पहली बार दक्षिण भारतीय फिल्म में नज़र आए इमरान हाशमी ने खलनायक के रोल में दर्शकों का ध्यान खींचा है। उनकी निगेटिव भूमिका को दर्शकों से भरपूर सराहना मिल रही है। इसके अलावा प्रियंका अरुलमोहन, श्रीया रेड्डी, प्रकाश राज और अर्जुन दास की मौजूदगी ने फिल्म की कहानी को और मज़बूत बनाया है।
फिल्म की अपार सफलता के बाद मेकर्स ने ‘ओजी यूनिवर्स’ बनाने का एलान किया है। हैदराबाद में आयोजित एक स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान पवन कल्याण ने खुद इस बात की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि ‘ओजी यूनिवर्स’ का विस्तार आने वाले समय में और बड़ी कहानियों और किरदारों के साथ होगा। यह घोषणा सुनकर फैंस की उत्सुकता कई गुना बढ़ गई है।
