Sanchita Ugale: संचिता के चचेरे भाई ने आत्महत्या पर उठाया सवाल, सुशांत की मौत से क्यों जोड़ा कनेक्शन?
Sanchita Ugale suicide Case: टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले की आत्महत्या ने फैंस को चौंका दिया है। उनके चचेरे भाई ने बहन की आत्महत्या पर सवाल उठाए हैं। साथ ही अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या से संचिता की आत्महत्या को क्यों जोड़ा? जानिए।
विस्तार
22 वर्षीय टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले की आत्महत्या के बाद परिवार और फैंस सदमे में हैं। एक्ट्रेस के चचेरे भाई आकाश उगले ने इस मामले पर नई जानकारी साझा की है। साथ ही अपनी चचेरी बहन की आत्महत्या को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या से भी वह जोड़ रहे हैं। आखिर इन दोनों आत्महत्याओं का आपस में क्या कनेक्शन है? जानिए
संचिता के चचेरे भाई ने क्या कहा?
एक्ट्रेस संचिता के चचेरे भाई आकाश उगले ने अमर उजाला की गई बातचीत में कहा, ‘सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून 2020 को आत्महत्या की थी। क्यों? क्योंकि बॉलीवुड...इस इंडस्ट्री ने उन पर बहुत दबाव डाला था और उसी दबाव की वजह से उन्होंने यह कदम उठाया।
उसी तरह, कल मेरी बहन ने भी उसी वजह से आत्महत्या की, मैं यही कह रहा हूं। ये इंडस्ट्री बहुत डराती है, धमकाती है। जैसे सुशांत सिंह राजपूत के साथ हुआ। उसे अंदर से तोड़ दिया गया, खोखला कर दिया गया। इसमें बड़े-बड़े लोगों का हाथ होता है। आखिर में यहां पावर गेम चलता है। हमारे जैसे मिडिल क्लास परिवार के लड़के-लड़कियां जब आगे बढ़ते हैं, तो उन्हें दबा दिया जाता है।'
आकाश ने आगे कहा, 'सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून 2020 को आत्महत्या की थी। मेरी बहन ने भी उसी दिन आत्महत्या की। मैंने अभी आपको जो इंस्टाग्राम आईडी दिखाई, उस पर कल एक रील डाली गई थी, जिसमें सुशांत सिंह राजपूत का वीडियो है। और मेरी बहन की प्रोफाइल फोटो का इस्तेमाल किया गया है।
अब इसकी जांच पुलिस को करनी है। मैंने उसकी कुछ दोस्तों से बात की, तो पता चला कि कुछ कास्टिंग से जुड़े लोग उसे परेशान कर रहे थे। उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। इसी वजह से मेरी बहन परेशान थी...'
जिस घर में संचिता ने की आत्महत्या (बाएं) और अभिनेत्री का चचेरा भाई आकाश उगले (दाएं)
इन टीवी सीरियल्स में किया था संचिता ने अभिनय
संचिता उगले उभरती हुई अभिनेत्री थीं। उन्होंने कई चर्चित टीवी सीरियल्स में काम किया था, जिनमें 'कुमकुम भाग्य' और 'वागले की दुनिया' शामिल हैं। वे 'दिलवाली दूल्हा ले जाएगी' शो में भी नजर आई थीं। इसमें उन्होंने सुकून का किरदार निभाया। 'कुमकुम भाग्य' से उन्हें अच्छी पहचान मिली।
ये खबर भी पढ़ें: प्रकृति प्रेमी थीं संचिता उगले? समंदर के प्रति दीवानगी और फूलों का था जुनून; इंस्टाग्राम तस्वीरों में दिखी झलक
टीवी शो के अलावा संचिता धीरे-धीरे बड़े पर्दे की तरफ अपने कदम बढ़ा रही थीं। उन्होंने साल 2025 में आई विक्की कौशल अभिनीत फिल्म 'छावा' में काम किया था। इस फिल्म में उन्हें ताराबाई की भूमिका में देखा गया था। इस फिल्म का हिस्सा बनकर वह बहुत खुश हुई थीं।