जल्दी ही बंद हो जाएगा टीवी शो 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल'!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हास्य कलाकार कपिल शर्मा का बहुचर्चित शो 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' के बंद होने का अंदेशा है। लेकिन ऐसा किसी बुरे कारण से नहीं बल्कि अच्छे कारण से हो रहा है। वो ये कि जल्द ही कपिल की पहली फिल्म आने वाली है। इस साल अपनी फिल्म 'किस किस को प्यार करूं' से कपिल बॉलीवुड हीरो बन जाएंगे।
ऐसे में छोटे परदे के लिए समय निकालना उनके लिए मुश्किल होगा। साल 2014 के अंत में कपिल से बीबीसी हिंदी ने उनके फिल्म के सेट पर मुलाकात की थी। तब कपिल ने शो से एक लंबा ब्रेक लिया हुआ था और उम्मीद थी कि उनकी फिल्म 2015 के मार्च महीने तक रिलीज हो सकेगी।
कपिल ने बताया, 'हां, उस वक़्त ऐसा लग रहा था कि फिल्म रिलीज हो जाएगी लेकिन मैं नया आदमी हूं, पता नहीं था कि पोस्ट प्रोडक्शन में भी बहुत काम होता है। लेकिन अब फिल्म तैयार है।' कपिल की यह फिल्म 28 सितंबर को रिलीज होगी। हाल ही में इस फिल्म का ट्रेलर भी लांच हुआ है।
'टीवी से ज्यादा आराम है फिल्मों में'
आमतौर पर रोमांस के नाम पर शो में अपनी पत्नी की खिल्ली उड़ाते कपिल अब्बास-मस्तान के निर्देशन में बनी फिल्म 'किस किस को प्यार करूं' में तीन लड़कियों से इश्क फरमाते दिखाई देंगे। कपिल ने अपने पहले इश्क के बारे में बताते हुए कहा, 'मुझे सबसे पहला प्यार अपनी टीचर से हुआ था और आज अपने काम से है।'
इन सबके बीच कपिल के पास छोटे पर्दे के अपने लोकप्रिय धारावाहिक 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' के लिए कितना समय निकल पाएगा इस पर कपिल निश्चित नहीं हैं।
वो कहते हैं, "इस शो ने मुझे बहुत कुछ दिया है। ऐसे में टीवी पर मैं काम करता रहूंगा लेकिन हां टीवी से ज्यादा आरामदायक काम फिल्म में होता है जो मुझे पसंद भी आया है।"
'नखरे नहीं बढ़े, बीमारी के कारण शो से दूर था'
वैसे काफी दिनों तक शो से नदारद रहने का कारण बताते हुए कपिल कहते हैं, 'मैंने सुना कि कपिल नखरे कर रहा है, वो आगे शो नहीं करेगा। लेकिन ऐसा नहीं है। फरवरी में एक गाने की शूटिंग के दौरान स्लिप डिस्क हो गया था और मुझे अमरीका जाना पड़ा।'
फिलहाल कॉमेडी शो कुछ महीने तो चलना पक्का है और कपिल भी वापस आ रहे हैं। खास बात ये है कि इस बार किसी और का नहीं बल्कि अपनी फिल्म का प्रमोशन ही वो अपने शो पर करेंगे।
अब्बास-मस्तान निर्देशित इस फ़िल्म में उनके साथ एली अवराम, साई लोकुर, मंजरी फडनीस, अमृता पुरी, सिमरन कौर मुंडी, वरुण शर्मा, सुप्रिया पाठक, मनोज जोशी और अरबाज खान भी नजर आएंगे।