कोविड वैक्सीन: मीरा चोपड़ा के बाद अब सौम्या टंडन पर फेक आईडी बनवाकर टीका लगवाने का लगा आरोप
'भाभीजी घर पर हैं' की 'अनीता भाभी' यानी सौम्या टंडन पर फेक आईडी बनवा कर कोविड वैक्सीन लगवाने का आरोप लगा है। ठाणे नगर निगम द्वारा आईडी कार्ड की जांच के दौरान इस बात का खुलासा हुआ। अब सौम्या टंडन ने इन आरोपों के सिरे से खारिज किया है।
विस्तार
मशहूर सीरियल 'भाभीजी घर पर हैं' में पांच साल तक अनीता भाभी का रोल निभा चुकीं अभिनेत्री सौम्या टंडन पर एक फ्रंटलाइन वर्कर बनकर वैक्सीन लगवाने का आरोप लगा है। ठाणे नगर निगम द्वारा आईडी कार्ड की जांच के दौरान इस बात का खुलासा हुआ है। इतनी ही नहीं बात FIR तक भी पहुंच गई थी लेकिन सौम्या टंडन ने ट्वीट कर इन आरोपों को झूठा करार दिया है। वहीं नगर निगम की जांच में यह भी सामने आया आया है कि सौम्या के अलावा 45 साल से कम उम्र के 21 लोगों का गैर-कानूनी रूप से टीकाकरण हुआ है। खास बात है कि ये सभी भी किसी न किसी बॉलीवुड स्टार से जुड़े हुए हैं।
सौम्या ने अपने ट्वीट में लिखा, 'कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि मैंने अवैध तरीके से ठाणे में वैक्सीन की पहली डोज लगवाई है लेकिन यह पूरी तरह से गलत है। मैंने अपना पहला जैब लिया जरूर है लेकिन पूरी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए अपने घर के पास स्थित एक सेंटर पर। कृप्या असत्यापित रिपोर्ट और दावों पर विश्वास न करें।'
Contrary to some media reports claiming that I have taken my first Covid vaccine dose from A facility in Thane by dubious means is untrue. I have taken my first jab but from a centre near my house following proper procedures. Please don’t believe in unverified reports and claims.
— Saumya Tandon (@saumyatandon) June 4, 2021
हाल ही में अभिनेत्री मीरा चोपड़ा पर भी इसी तरह से एक फ्रंटलाइन वर्कर बनकर वैक्सीन लेने का आरोप लगा था। जब इस पर उनकी आलोचनाएं हुईं तो उन्होंने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया था। मामले के तूल पकड़ने के बाद अभिनेत्री ने सोशल मीडिया के जरिए इन आरोपों को गलत बताया था और अपनी सफाई पेश की थी।
गौरतलब है कि सौम्या टंडन ने साल 2015 में सीरियल 'भाभीजी घर पर हैं' में अनीता भाभी का किरदार निभाना शुरू किया था। गोरी मेम के किरदार से उन्हें खूब लोकप्रियता मिली थी। लगभग पांच साल तक सीरियल में काम करने के बाद उन्होंने अगस्त 2020 में इस सीरियल को छोड़ दिया था।