Swara Bhasker: ‘हम बिल्कुल राक्षस बन गए हैं’, कालकाजी मंदिर के सेवादार की हत्या पर स्वरा ने जताई नाराजगी
Swara Bhasker On Sevadar Killing: दिल्ली के कालकाजी मंदिर में एक सेवादार की बेरहमी से की गई हत्या पर अब स्वरा भास्कर ने नाराजगी जताई है। जानिए अभिनेत्री ने क्या कुछ कहा।
विस्तार
बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर अक्सर हर मुद्दे पर अपनी खुलकर राय रखने के लिए जानी जाती हैं। अब उन्होंने एक बार फिर दिल्ली के कालकाजी मंदिर में 35 वर्षीय सेवादार की चौंकाने वाली हत्या पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। अभिनेत्री ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर हिंसा पर अपना गुस्सा जाहिर किया।
यह दिल दहला देने वाली घटना
स्वरा भास्कर ने इस मामले से जुड़े एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को अपने एक्स अकाउंट पर री-शेयर करते हुए, उस पर प्रतिक्रिया दी है। स्वरा ने जो वीडियो फुटेज शेयर किया है, उसमें कुछ लोग सेवादार की पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। अभिनेत्री ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “यह बेहद भयावह और खतरनाक है। भारत में लोगों की पीट-पीटकर हत्या करना आम बात हो गई है। बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना। यह शर्मनाक है और हमारे समाज के बारे में वाकई परेशान करने वाली बात है। हम पूरी तरह से निर्दयी और राक्षसों की तरह बन गए हैं।”
This is absolutely ghastly and horrific!!! Lynching people to death has become a norm in India… jarring and chilling to the core!!!! Shameful and says something truly disturbing about our society. We’ve turned into monsters. https://t.co/0qbxV1EGCI
— Swara Bhasker (@ReallySwara) August 31, 2025
यह है पूरा मामला
यह घटना बीते शुक्रवार को देर रात हुई, जब प्रसाद वितरण को लेकर हुए विवाद ने हिंसा का रूप ले लिया। पीड़ित योगेंद्र सिंह, जिन्होंने मंदिर में लगभग 15 वर्षों तक सेवा की थी, उन पर कथित तौर पर एक समूह द्वारा चुन्नी प्रसाद की मांग को अस्वीकार करने पर हमला किया गया। सिंह ने कथित तौर पर बताया था कि प्रसाद खत्म हो गया है, लेकिन बहस बढ़ गई।
अब तक पांच लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी
इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी अतुल पांडे को स्थानीय लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इसके अलावा पुलिस ने चार अन्य लोगों की गिरफ्तारी की जानकारी दी है।