फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Entertainment ›   South Cinema ›   Vijay Thalapathy Film Career And Personal Life To Political Journey Known Unknown Facts

Vijay: पहली फिल्म देखकर दर्शकों ने उड़ाया मजाक, फिर कैसे बने जननायक? तमिलनाडु के नए 'थलापति' की पूरी कहानी

Sun, 10 May 2026 07:28 AM IST
Poonam Kandari एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला
एंटरटेनमेंट डेस्क, अमर उजाला Published by: Poonam Kandari Updated Sun, 10 May 2026 07:28 AM IST
सार

Vijay Thalapathy Life Journey: बड़े पर्दे पर जननायक बनकर फैंस के दिलों पर कई वर्षों तक विजय थलापति ने राज किया। पर्दे का वो किरदार अब असल जिंदगी में साकार हो रहा है। वह तमिलनाडु की राजनीति का चमकता सितारा बन चुके हैं, अब विजय थलापति तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। उससे पहले जानिए, विजय से ‘थलापति’ बनने की उनकी अद्भुत यात्रा के बारे में। 

विज्ञापन
Vijay Thalapathy Film Career And Personal Life To Political Journey Known Unknown Facts
विजय थलापति - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

‘जैसा फिल्मों में होता है, हो रहा है हूबहू…’, आमिर खान की फिल्म ‘3 इडियट्स’ का यह गाना आज तमिल सिनेमा के सुपरस्टार विजय थलापति पर सटीक बैठता है। उनकी जिंदगी किसी फिल्म की कहानी से कम राेचक नहीं है। बड़े पर्दे पर कई बार राजनेता बनकर आम लोगों का जीवन बदलने वाले विजय अब असल जिंदगी में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बन गए हैं। इससे पहले यहां जानिए, विजय के फिल्मी करियर, निजी जीवन और राजनीतिक सफर से जुड़ी कुछ सुनी-अनसुनी बातें।  

विज्ञापन

Vijay Thalapathy Film Career And Personal Life To Political Journey Known Unknown Facts
अभिनेता और टीवीके नेता विजय थलापति - फोटो : सोशल मीडिया

विजय को पिता ने दिखाई सिनेमा की राह 

विजय की तमिल फिल्में आम दक्षिण भारतीय फिल्मों जैसी नहीं होती हैं, इनमें नजर आने वाली कहानियां अलग और आम लोगों से जुड़ी रहती हैं। ऐसी फिल्मी बनाने की प्रेरणा कहीं ना कहीं विजय को अपने पिता से मिली है। उनके पिता एस.ए. चंद्रशेखर निर्देशक हैं। वहीं मां शोभा चंद्रशेखर प्लेबैक सिंगर हैं। माता-पिता का सिनेमा और संगीत से गहरा नाता है। विजय भी अभिनय करने के अलावा गायिकी का भी शौक रखते हैं।  

विज्ञापन
विज्ञापन

Vijay Thalapathy Film Career And Personal Life To Political Journey Known Unknown Facts
थलापति विजय - फोटो : सोशल मीडिया

बाल कलाकार के तौर पर बनाई पहचान  

22 जून 1974 को जन्मे विजय का असली नाम जोसेफ विजय चंद्रशेखर है। उन्होंने बतौर बाल कलाकार अपने करियर की शुरुआत की थी। विजय ने 1984 में पी.एस. वीरप्पा द्वारा निर्मित फिल्म 'वेट्री' से चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर तमिल सिनेमा में कदम रखा। इसके बाद वह 'कुडुम्बम' (1984), 'नान सिगप्पू मणिथन' (1985), 'वसंत रागम्' (1986), 'सत्तम ओरु विलायाट्टू' (1987) और 'इधु एंगळ नीति' (1988) जैसी फिल्मों में बाल कलाकार के तौर पर नजर आए। इन सभी फिल्मों का डायेक्शन उनके पिता ने किया था। 


18 साल में बने हीरो लेकिन लुक को लेकर झेली आलोचना

विजय बाल कलाकार के तौर पर अभिनय करते-करते एक मंझे हुए कलाकार बन चुके थे। 18 साल के होते हुए उन्होंने हीरो के तौर पर शुरुआत करने की सोची। विजय ने 1992 में फिल्म 'नालया थीरपू' में पहली बार लीड रोल किया। मगर किस्मत ने साथ नहीं दिया, उनकी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ढेर हो गई। साथ ही विजय को उनके लुक के लिए भी काफी आलोचना झेलनी पड़ी। ऐसे में विजय के पिता ने अभिनेता विजयकांत के साथ विजय को लेकर एक फिल्म बनाई ‘सेंथूरपांडी (1993)’। यह फिल्म हिट हुई और विजय की एक्टिंग की गाड़ी तमिल सिनेमा में चल पड़ी। 

विज्ञापन

Vijay Thalapathy Film Career And Personal Life To Political Journey Known Unknown Facts
विजय थलापति - फोटो : एक्स (ट्विटर)

कई फिल्मों ने लिखी सफलता की कहानी

अपने अब तक के करियर में विजय 69 फिल्में कर चुके हैं। राजनीतिक सफर शुरू करने से पहले उन्होंने एक फिल्म ‘जन नायकन’ की, जो अभिनेता की आखिरी फिल्म कही जा रही है। विजय थलापति ने ‘थेरी, 'राजविन परवैयिले', 'मिन्सरा कन्ना', 'बीस्ट', 'शाहजहां' जैसी हिट फिल्में की हैं। साल 2023 में उनकी फिल्म 'लियो' ने कमाई के कई रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। इसके अलावा ‘द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम’ में भी उनके अभिनय को सराहा था। विजय की लगभग हर फिल्म बॉक्स ऑफिस हिट होती है। उनकी सफतला का ग्राफ शायद की कभी नीचे गया हो, यही वजह है कि वह एक फिल्म के 250 करोड़ रुपये चार्ज करते हैं। वह सबसे ज्यादा फीस लेने वाले अभिनेता हैं।

Vijay Thalapathy Film Career And Personal Life To Political Journey Known Unknown Facts
थलापति विजय - फोटो : सोशल मीडिया

ऐसे बने विजय से थलापति 
विजय का पूरा नाम जोसेफ विजय है, लेकिन फैंस और अधिकतर जनता विजय थलापति के नाम से उन्हें जानती है। साउथ में अपने पसंदीदा एक्टर्स को उपनाम देने का ट्रेंड है। जैसे रजनीकांत को थलाइवा यानी बॉस, कमल हासन को उलनायगन यानी यूनिवर्सल हीरो। ऐसे ही विजय को थलापति की उपाधि दी गई है। 
साल 1994 में विजय के पिता एसए चंद्रशेखर ने फिल्म बनाई ‘रसिगन’। इसमें विजय लीड रोल में नजर आए। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हिट रही और इस फिल्म की सफलता ने ही विजय को इलाया थलापति यानी छोटा कमांडर बना दिया। इसके बाद साल 2017 में विजय के करियर में एक बार फिर ऐसा उछाल आया, जिसने उन्हें इलाया थलापति से थलापति बना दिया।
दरअसल, साल 2017 में विजय ने डायरेक्टर एटली के साथ फिल्म बनाई ‘मार्सल’। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ा दिया। ‘मार्सल’ ने ही विजय को छोटा कमांडर यानी इलाया थलापति से थलापति यानी कमांडर विजय बना दिया। ‘मार्सल’ की सफलता के बाद से ही विजय को थलापति उपनाम दे दिया गया। 

Vijay Thalapathy Film Career And Personal Life To Political Journey Known Unknown Facts
जन नायकन - फोटो : सोशल मीडिया

जब फिल्में बनी विवाद का कारण 
विजय तमिलानाडु की राजनीति के नायक जरूर बन गए हैं, लेकिन उनकी आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ अब तक रिलीज नहीं हुई। यह फिल्म इस साल के शुरुआत में रिलीज होने थी लेकिन अब तक अटकी हुई है। पहले विजय थलापति की फिल्म ‘जन नायकन’ सेंसर से हरी झड़ी पाने का इंतजार करती रही, मामला कोर्ट तक भी पहुंचा था। हाल ही में यह ऑनलाइन भी लीक हो गई। समय-समय पर अलग-अलग कारणों से फिल्म का विरोध भी होता रहा। 
वैसे यह पहली बार नहीं है कि विजय की फिल्म विवादों में फंसी हो। ‘जन नायकन’ से पहले भी उनकी कुछ फिल्में विवाद में रह चुकी हैं। जैसे साल 2013 में रिलीज हुई विजय की फिल्म 'थलाइवा' को लेकर खूब हंगामा हुआ। फिल्म की टैगलाइन 'टाइम टू लीड' तत्कालीन मुख्यमंत्री जे. जयललिता की सरकार को कुछ अच्छी नहीं लगी। फिल्म बड़ी मुश्किल से रिलीज हुई थी। 
इसी तरह साल 2018 में थलापति विजय की फिल्म 'सरकार' भी चर्चा में रही। इस फिल्म पर आरोप लगा कि इसमें सरकारी योजनाओं को गलत रूप से पेश किया गया है। राजनीतिक पार्टियों ने फिल्म का खूब विरोध किया।  


तमिल राजनीति में मचाई हलचल

फिल्मों में छा जाने के बाद विजय ने तमिल राजनीति का भी थलापति बनने की सोची। फरवरी 2024 में वह राजनीति की दुनिया में आए। लोकसभा चुनावों से पहले उन्होंने आधिकारिक तौर पर अपनी पार्टी के नाम का एलान किया था। विजय की पार्टी का नाम तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) है। विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद यह पार्टी तमिलनाडु में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। अब वह तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद पर आसीन होंगे।

फिर राजनीतिक यात्रा पर छाए काले बादल 

विजय ने अपनी पार्टी बनाई तो आम लोगों से संपर्क करने का विचार किया। 27 सितंबर 2025 को तमिलनाडु के करूर में टीवीके ने एक रैली आयोजित की। मगर इस रैली में एक बड़ा हादसा हो गया। रैली के दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई थी। विजय ने सोशल मीडिया पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों को 20-20 लाख रुपये और घायलों के लिए दो-दो लाख रुपये की मदद की घोषणा की थी। 


विजय पर पुलिस केस भी हुआ दर्ज 

करूर रैली में हुई इस भगदड़ को लेकर विजय के खिलाफ शिकायत दर्ज भी हुई थी। पुलिस ने घटना के बाद टीवीके के जिला सचिव और अन्य आयोजकों के खिलाफ हत्या और लापरवाही के आरोप में मामला दर्ज किया था। एफआईआर में विजय का जिक्र था, लेकिन शुरू में उन्हें सीधे आरोपी के रूप में नामजद नहीं किया गया था। बाद में जांच सीबीआई को सौंपी गई। मामले में सीबीआई ने दिल्ली में विजय से भी पूछताछ की थी। 

Vijay Thalapathy Film Career And Personal Life To Political Journey Known Unknown Facts
थलापति विजय और पूर्व पत्नी - फोटो : सोशल मीडिया

फैन से की विजय ने शादी और अब चर्चा में तलाक 
फिल्मों और राजनीति के अलावा विजय अपने निजी जीवन को लेकर भी खबरों में रहे। विजय ने यूके की रहने वाली अपनी एक फैन से शादी की थी। इनकी शादी 25 अगस्त 1999 को हुई। हाल ही में विजय की पत्नी ने तलाक की याचिका दायर की है। दोनों अलगाव की राह पर बढ़ चुके हैं। इसकी वजह विजय का एक कथित अफेयर माना जाता है। 

इस एक्ट्रेस संग जुड़ा विजय का नाम 

मीडिया रिपोर्ट्स में विजय और साउथ एक्ट्रेस तृषा कृष्णनन के रिलेशनशिप में होने की बात कही जाती है। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया है। विजय और तृषा कई बार साथ नजर आ चुके हैं। हाल ही जब विजय ने तमिलनाडु विधानसभा में अपार जनादेश हासिल किया तो उनकी जीत का जश्न मनाने के लिए तृषा भी अभिनेता के घर पहुंचीं। इससे कहीं ना कहीं इनके रिश्ते को लेकर फैंस को हिंट मिल गया। 

Vijay Thalapathy Film Career And Personal Life To Political Journey Known Unknown Facts
विजय थलापति - फोटो : सोशल मीडिया
तमिलनाडु की राजनीति के नए थलापति बने विजय 
आज यानी 10 मई 2026 का दिन तमिल सिनेमा और राजनीति के लिए खास है। विजय थलापति तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बन गए हैं। बड़े पर्दे पर निभाया उनका राजनेता का किरदार असली जिंदगी में भी साकार हो गया है। उनके फैंस विजय की इस अद्भुत यात्रा और सफलता से काफी खुश हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed