Sowcar Janaki: अभिनेत्री सौकार जानकी का निधन, 94 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
Veteran Actress Sowcar Janaki Passes Away: दक्षिणी भारतीय फिल्मों की दिग्गज अदाकारा सौकार जानकी का निधन हो गया है। 94 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है।
विस्तार
पिछले कुछ दिनों से अभिनेत्री सौकार जानकी अस्पताल में भर्ती थीं। अब उनके निधन की जानकारी नादिगर संगम के प्रेसिडेंट नासर ने साझा की है। इस दिग्गज अभिनेत्री ने तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषा की फिल्मों में लंबे वक्त तक अभिनय किया था।
क्यों अस्पताल में सौकार जानकी को किया गया था भर्ती?
बढ़ती उम्र की स्वास्थ्य समस्याओं के कारण अभिनेत्री सौकार जानकी को अस्पताल में भर्ती किया गया था। वह आईसीयू में भर्ती थीं। बीते दिनों अभिनेता कयाल देवराज ने सोशल मीडिया पर उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर साझा की थी। साथ ही दक्षिण भारतीय कलाकार संघ नादिगर संगम के कुछ सदस्य अभिनेत्री से मुलाकात करने अस्पताल पहुंचे थे।
अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा पार्थिव शरीर
अभिनेता नासर ने एक बयान में कहा कि कुछ समय तक अस्पताल में रहने के बाद 21 अगस्त को 94 साल की उम्र में साैकार जानकी का निधन हो गया। वह कहते हैं, ‘उनका पार्थिव शरीर शाम 5 बजे से सेंटोफ रोड, तेयनमपेट में रखा जाएगा।’
लगभग 400 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया
अभिनेत्री सौकार जानकी ने तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषा की कई फिल्मों में अभिनय किया। 7 दशक के अपने करियर में उन्होंने लगभग 400 फिल्मों में काम किया। 300 से ज्यादा स्टेज शो में भी उन्होंने हिस्सा लिया था।
अभिनय की दुनिया में आने से पहले वह रेडियो आर्टिस्ट थीं। उन्हें दो नंदी अवॉर्ड और कलाईमामणि सम्मान मिला। साथ ही दक्षिण भारतीय सिनेमा में योगदान के लिए फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड मिला। इसके अलावा सौकार जानकी को पद्म श्री से भी सम्मानित किया गया।