SSMB 29: फिल्म के सेट से लीक हुए वीडियो ने बढ़ाई चिंता, क्या कड़े कदम उठाएंगे राजामौली?
SSMB 29: फिल्म 'SSMB 29' के सेट से लीक हुआ 30 सेकंड का वीडियो फिल्म की गोपनीयता के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है। अब देखना होगा कि मेकर्स इस पर क्या कड़े कदम उठाते हैं।
विस्तार
महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन की आगामी फिल्म 'एसएसएमबी 29' की शूटिंग इस समय ओडिशा में चल रही है। इस फिल्म का लोगों को लंबे समय से इंतजार है। हालांकि, फिल्म से जुड़ी एक हैरान कर देने वाली बात सामने आई है। हाल ही में इस फिल्म के शूटिंग सेट से एक 30 सेकंड का वीडियो ऑनलाइन लीक हो गया है जो तेजी से विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो रहा है।
बाहर शूटिंग के दौरान लीक को रोकना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन जब निर्देशक एसएस राजामौली जैसे दिग्गज फिल्मकार की बात हो तो उनके पास मजबूत सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की पूरी क्षमता है। अगर तुरंत इस पर कड़ा कदम नहीं उठाया गया तो आने वाले समय में और भी लीक हो सकते हैं जो फिल्म की गोपनीयता को गहरा नुकसान पहुंचा सकते हैं।
Nora Fatehi: 'वह नाश्ते में 100 नोरा खा सकते हैं', एक्ट्रेस ने पीआर एजेंसी पर लगाए गंभीर आरोप
सबसे ज्यादा चिंताजनक बात यह है कि इस लीक हुए फुटेज से फिल्म के एक महत्वपूर्ण किरदार की भूमिका का संकेत मिलता है। अगर इस प्रकार के लीक आने वाले समय में होते रहे तो इस फिल्म की कहानी के अहम पहलू और महत्वपूर्ण ट्विस्ट सामने आ सकते हैं जो एसएस राजामौली और उनके पिता विजयेंद्र प्रसाद की वैश्विक दर्शकों के लिए बनाए गई विजन को प्रभावित कर सकते हैं। अब देखना यह होगा कि फिल्म के निर्माता इस तरह के लीक से बचने के लिए किस तरह के कड़े कदम उठाते हैं।
वर्क फ्रंट की बात करें तो 'एसएसएमबी 29 से पहले महेश बाबू 'गुंटूर कारम' नाम की फिल्म में नजर आए थे। त्रिविक्रम के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने टिकट खिड़की पर अच्छी शुरुआत की थी। हालांकि, इसके बाद भी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी। फिल्म में महेश बाबू के साथ श्रीलीला और पूजा हेगड़े ने भी अहम भूमिकाएं निभाई थीं।