Salim Kumar: 57 साल की उम्र में अभिनेता सलीम कुमार का निधन, केरल के सीएम और एक्टर ममूटी ने जताया शोक
Actor Salim Kumar Passes Away: शनिवार को मलयालम सिनेमा के प्रसिद्ध कलाकार और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता सलीम कुमार की तबीयत बिगड़ी थी। अब उनके निधन की खबर सामने आई है। इस दिग्गज कलाकार के निधन से मलयालम सिनेमा में शोक की लहर दौड़ पड़ी है।
विस्तार
मलयालम सिनेमा में दर्शकों को एक लंबे वक्त तक सलीम कुमार ने अपनी कॉमेडी से खूब हंसाया, कई अलग-अलग तरह के किरदार भी किए। इस कलाकार की कमी दर्शकों को खूब खलेगी। दरअसल, 57 की उम्र में इस अभिनेता ने दुनिया को अलविदा कह दिया है।
तबीयत बिगड़ने के बाद वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे सलीम कुमार
शनिवार सुबह अभिनेता सलीम कुमार की तबीयत बिगड़ी थी। उन्हें कोच्चि के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। बाद में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। सलीम कुमार को कुछ साल पहले लिवर सिरोसिस की बीमारी का पता चला था। उनका लीवर ट्रांसप्लांट भी हुआ था। देर रात ही उनके निधन की सूचना साझा की गई। इससे प्रशंसकों और मलयालम सिनेमा के कलाकारों के बीच शोक की लहर दौड़ पड़ी।
केरल के मुख्यमंत्री वी.डी सतीशन ने दी श्रद्धांजलि
केरल के सीएम वी.डी. सतीशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्वीटर) पर सलीम कुमार को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, ‘सलीम कुमार मेरे लिए सिर्फ हंसी के राजकुमार नहीं थे, बल्कि एक बेहद करीबी इंसान थे। वह अपने राजनीतिक विचारों को निडरता से रखते थे और गर्व से कहते थे कि वे कांग्रेस के साथ खड़े हैं। वह एक ऐसे प्रतिभाशाली कलाकार थे जो एक ही चेहरे से लोगों को हंसा भी सकते थे और रुला भी सकते थे। मलयालम सिनेमा ने एक महान कलाकार खो दिया है और मैंने अपना एक भाई खो दिया है।’
He wasn’t just the prince of laughter to me — #SalimKumar was a deeply connected soul, fearless in his political beliefs and proud to say he stood with Congress. A versatile genius who could make us laugh and cry with the same face. Malayalam cinema lost a legend, and I lost a… pic.twitter.com/H0tx6RulC6
— V D Satheesan (@vdsatheesan) June 6, 2026
ममूटी ने सलीम कुमार के निधन पर जताया शोक
मलयालम सिनेमा के दिग्गज कलाकार ममूटी ने सलीम कुमार के निधन पर शोक जताया है। वह एक ट्वीट करते हुए लिखते हैं, ‘सलीम, जो खुद हंसते थे और दूसरों को भी हंसाते थे। जो खुद सोचते थे और दूसरों को भी सोचने पर मजबूर करते थे। और कभी-कभी खुद रोते थे और दूसरों को भी रुलाते थे। अब, तुम बस मुझे रुला रहे हो। प्यारे दोस्त, तुम्हारा जाना, एक कभी न खत्म होने वाला दुख बन गया है।’
ममूटी के अलावा मलयालम सिनेमा और टीवी सीरियल की दुनिया के कई कलाकारों ने सलीम कुमार को याद किया, उन्हें श्रद्धांजलि दी।
ചിരിക്കുകയും ചിരിപ്പിക്കുകയും ചിന്തിക്കുകയും ചിന്തിപ്പിക്കുകയും
— Mammootty (@mammukka) June 6, 2026
ഇടയ്ക്ക് കരയുകയും കരയിപ്പിക്കുകയും ചെയ്ത സലീം
നി ഇപ്പോൾ കരയിപ്പിക്കുക മാത്രമാണ്...........
തീരാത്ത സങ്കടം ആയി സഹോദരാ നിന്റെ വിയോഗം... pic.twitter.com/954P7IBhcw
राष्ट्रीय पुरस्कार के अलावा मिले कई अवॉर्ड्स
फिल्मों में आने से पहले वे थिएटर और मिमिक्री से जुड़े हुए थे। उन्होंने 1997 में अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी और मलयालम सिनेमा में कॉमेडी से लेकर गंभीर किरदार तक निभाए। सलीम कुमार को चार बार केरल स्टेट फिल्म अवॉर्ड मिल चुका है। सलीम कुमार को साल 2010 में बेस्ट एक्टर के लिए नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला था। अभिनेता होने के अलावा सलीम कुमार निर्देशक और लेखक के तौर पर भी मलयालम सिनेमा सक्रिय रहे।