Rashmika Mandanna: रश्मिका ने किरिक पार्टी के मेकर्स का जताया आभार, बोलीं- इन्होंने दिखाया इंडस्ट्री का रास्ता
अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने अपने करियर की शुरुआत ऋषभ शेट्टी की फिल्म 'किरिक पार्टी' से की थी। ऐसे में अब उन्होंने फिल्म की सफलता का श्रेय ऋषभ शेट्टी और रक्षित शेट्टी को दिया है।
विस्तार
साउथ फिल्म इंडस्ट्री की अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने अपने करियर की शुरुआत ऋषभ शेट्टी की फिल्म 'किरिक पार्टी' से की थी। इसी फिल्म को लेकर रश्मिका मंदाना का एक बयान सामने आया है। दरअसल बीते दिनों अभिनेत्री का एक पुराने इंटरव्यू का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद ऋषभ शेट्टी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी। इसके बाद हाल ही में 'किरिक पार्टी' की सफलता का पूरा श्रेय रश्मिका ने ऋषभ शेट्टी और रक्षित शेट्टी को दिया है।
रश्मिका मंदाना ने एक इंटरव्यू के दौरान इस बारे में बात की। उन्होंने कहा कहा, 'मेरा ऐसा मानना है कि वास्तव में रक्षित शेट्टी और ऋषभ शेट्टी ने मुझे रास्ता दिखाया है। पहली फिल्म मिलने से पहले आप यह सोच भी नहीं सकते कि आप में एक एक्टर बनने की क्षमता है। फिल्म के निर्माताओं ने मुझपर भरोसा किया और यह बेहतरीन मौका दिया।' उन्होंने कहा कि रक्षित शेट्टी और ऋषभ शेट्टी ने ही मुझे इस इंडस्ट्री के लिए रास्ता दिखाया है, जिसके कारण आज मैं अपने अभी तक के करियर में अच्छे लोगों और कलाकारों के साथ काम कर पाई हूं।
यह भी पढ़ें-Bhojprui: भोजपुरी क्वीन रानी चटर्जी ने बनाई सोशल मीडिया से दूरी, एक्ट्रेस के फैंस को लगा झटका
वहीं, बीते दिनों 'कांतारा' फिल्म के निर्माता और कलाकार ऋषभ शेट्टी ने रश्मिका के वायरल वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि उन्हें किसी से फर्क नहीं पड़ता है। ऋषभ शेट्टी ने आगे कहा कि उन्होंने कई कलाकारों को लॉन्च किया है। साथ ही कई निर्देशकों और निर्माताओं को मौका दिया है।
यह भी पढ़ें-Tahira Kashyap: इस नई फिल्म के साथ अपना 40वां जन्मदिन मना रहीं ताहिरा कश्यप, गुनीत मोंगा का मिला साथ
रश्मिका मंदाना को लेकर बात की जाए तो अभिनेत्री की 'मिशन मजनू' हाल ही में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है। इस फिल्म में उनके साथ बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा नजर आए हैं। वहीं, विजय के साथ उनकी फिल्म 'वरिसु' ने सिनेमाघरों में दस्तक दी है, जिसे दर्शकों का बढ़िया रिस्पांस मिल रहा है। इसके अलावा अभिनेत्री ने फिल्म 'पुष्पा' के सीक्वल की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
यह भी पढ़ें- Mission Majnu: 'मिशन मजनू' की 'राजी' से तुलना होने पर सिद्धार्थ का बयान, बोले- यह बुरा नहीं है