रजनीकांत के फैन ने अनोखे अंदाज में मनाई शिवरात्रि, 'थलाइवा' को दिया भगवान शिव का दर्जा, पहनाई वड़ों की माला
Rajinikanth Fan: सुपरस्टार रजनीकांत की फैन फॉलोइंग लाखों में है। उनके चाहने वाले उन्हें सिर्फ एक एक्टर नहीं, बल्कि भगवान की तरह मानते हैं। ऐसा ही एक खास उदाहरण मदुरै में देखने को मिला।
विस्तार
रजनीकांत ने अपने एक्टिंग करियर में कई सुपरहिट फिल्में की हैं। लोग न सिर्फ उनकी एक्टिंग बल्कि उनकी स्टाइल के भी दीवानें हैं। कई जगह उन्हें भगवान के रूप में पूजा जाता है। ऐसा ही उनका एक खास फैन मदुरै से सामने आया है, जो उनकी भगवान की तरह पूजा करता है।
शिवरात्रि पूजा में भगवान शिव की जगह रजनीकांत
मदुरै के रहने वाले रजनीकांत के फैन कार्तिक ने इस साल महाशिवरात्रि के मौके पर अपने घर के अंदर बने छोटे से मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। कार्तिक ने बताया, ‘यह लगातार तीसरा साल था जब हमने शिवरात्रि पूजा की। इस बार पूजा कुछ ज्यादा खास थी।’
पूजा के दौरान फिल्म उजैप्पली में भगवान शिव के रूप में नजर आए रजनीकांत की तस्वीर का इस्तेमाल किया गया। उसी तस्वीर के सामने विधि-विधान से पूजा की गई। कार्तिक का मानना है कि रजनीकांत सिर्फ एक एक्टर नहीं, बल्कि उनके लिए प्रेरणा और आस्था का प्रतीक हैं।
#WATCH मदुरै, तमिलनाडु: मदुरै के रहने वाले रजनीकांत के फैन कार्तिक ने सुपरस्टार के सम्मान में अपने घर के अंदर बनाए गए मंदिर में पूजा-अर्चना करके एक अनोखे तरीके से महाशिवरात्रि की खास पूजा की। pic.twitter.com/thkpOpuUyE
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 14, 2026
500 वड़ों से बनी माला पहनाई
इस बार पूजा का एक और खास कारण था। रजनीकांत के सिनेमा में 50 साल पूरे होने के सम्मान में कार्तिक ने 500 वड़ों से बनी एक बड़ी माला तैयार करवाई और उसे तस्वीर पर चढ़ाया। परिवार और आसपास के कुछ लोग भी इस खास मौके पर मौजूद रहे।
मदुरै से आई यह खबर दिखाती है कि रजनीकांत के फैंस के लिए उनका प्यार सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं है, बल्कि वह उनकी जिंदगी और आस्था का भी हिस्सा है।
‘जेलर 2’ में नजर आएंगे रजनीकांत
रजनीकांत नेल्सन दिलीप कुमार द्वारा निर्देशित ‘जेलर 2’ फिल्म में नजर आएंगे। ये फिल्म 2023 में आई उनकी सुपरहिट फिल्म ‘जेलर’ का सीक्वल है। फिल्म में रजनीकांत के अलावा विद्या बालन, मिथुन चक्रवर्ती, एस. जे. सूर्या, राम्या कृष्णन और योगी बाबू सहित कई कलाकार अहम किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म में मोहनलाल, शिव राजकुमार और विनायकान जैसे कलाकारों के कैमियो भी देखने को मिलेंगे। 'जेलर 2' 12 जून 2026 को रिलीज होगी। फिल्म को लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं।