‘दृश्यम 3’ का ट्रेलर रिलीज, एक बार फिर अपने परिवार को बचाते दिखे मोहनलाल; जानें इस बार क्या होगा खास?
Drishyam 3 Trailer Release: मोहनलाल की मलयालम फिल्म ‘दृश्यम 3’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। जानिए ट्रेलर में क्या है खास और इस बार कहानी में क्या होगा अलग…
विस्तार
मोहनलाल की मच अवेटेड फिल्म ‘दृश्यम 3’ का ऑफिशियल ट्रेलर आज जारी हो गया है। मेकर्स ने फिल्म का मलयालम ट्रेलर अभी जारी किया है। ट्रेलर देखकर एक बार फिर फैंस को मोहनलाल की इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार है। ट्रेलर में फिल्म के तीसरे पार्ट की कहानी की झलक भी दिखती है।
ट्रेलर में क्या है?
2 मिनट 5 सेकंड के इस ट्रेलर की शुरुआत जॉर्जकुट्टी (मोहनलाल) के फैमिली डिनर के साथ से होती है। ट्रेलर से पता चलता है कि जॉर्जकुट्टी एक बार फिर एक ऐसे खतरनाक हालात में फंस गया है, जो उसके सावधानीपूर्वक बनाए गए जीवन और उसके परिवार दोनों के लिए खतरा है। एक बार फिर जॉर्जकुट्टी अपने परिवार को बचाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। वहीं दूसरी ओर पुलिस भी उसके पीछे पड़ चुकी है। यह ट्रेलर एक बार फिर इस फ्रेंचाइजी के फ्लेवर को दिखाता है। जिससे फिल्म को लेकर उत्सुकता और भी बढ़ती है।
आगे बढ़ेगी कहानी
ट्रेलर फ्रैंचाइज की खास टोन, टेंशन और मिक्स इमोशंस का एक शानदार मिश्रण मालूम पड़ता है। इसकी शुरुआत दमदार बैकग्राउंड स्कोर से होती है, जो शुरू से ही बेचैनी का माहौल बना देता है। तेज गति वाले सीन, तनावपूर्ण टकराव एक बार फिर रोचक कहानी होने का संकेत देते हैं। हालांकि, ट्रेलर को बड़ी ही चालाकी से काटा गया है, इसमें फिल्म के बारे में ज्यादा कुछ पता नहीं चलता है। ‘दृश्यम 3’ की कहानी दूसरे पार्ट की कहानी से आगे बढ़ेगी। इसमें अधूरे मुद्दों को सुलझाया जाएगा और नई चुनौतियां देखने को मिलेंगी।
जीतू जोसेफ द्वारा निर्देशित ‘दृश्यम 3’ फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है। इससे पहले इसके दो पार्ट आ चुके हैं दृश्यम (2013) और दृश्यम 2 (2021)। फिल्म में एक बार फिर मोहनलाल प्रमुख भूमिका में नजर आए हैं। उनके अलावा मीना, अंसीबा हसन और एस्थर अनिल सहित कई प्रमुख कलाकार भी वापसी कर रहे हैं। जबकि सिद्दीकी, आशा शरथ और मुरली गोपी भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे। ‘दृश्यम 3’ 21 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।