‘बार-बार करता रहा किस’, प्रिया बापट ने शेयर किया चौंकाने वाला अनुभव; को-एक्टर के गलत व्यवहार का किया खुलासा
Priya Bapat Kiss Controversy: एक्ट्रेस प्रिया बापट ने हाल ही में ऐसा खुलासा किया, जिसे सुनकर सब हैरान रह गए। जानिए एक्ट्रेस ने क्या कुछ कहा।
विस्तार
एक्ट्रेस प्रिया बापट ने अपने करियर के शुरुआती दिनों का एक परेशान करने वाला किस्सा शेयर किया है। उन्होंने बताया कि उनकी डेब्यू फिल्म के एक गाने की शूटिंग के दौरान उनके को-एक्टर बार-बार उन्हें किस कर रहे थे, जिससे वह काफी परेशान हो गई थीं।
मुझे किस किए जा रहा था
फिल्मफेयर को दिए इंटरव्यू में प्रिया ने बताया कि उन्होंने शुरुआत से ही इस किसिंग सीन को लेकर सवाल उठाए थे और स्क्रिप्ट रीडिंग के दौरान डायरेक्टर से इसकी जरूरत पर भी बात की थी।
इस घटना को याद करते हुए ‘मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस’ की एक्ट्रेस ने कहा, ‘गाने के दौरान ऐसे कई मौके आए जब वह एक्टर बार-बार इम्प्रोवाइज कर रहा था और मुझे किस किए जा रहा था। और मैं… पता नहीं क्यों, उस समय अपने लिए खड़ी नहीं हो पाई, क्योंकि मुझे समझ नहीं आ रहा था कि इस स्थिति को कैसे संभालूं।’
बार-बार ब्रेकफास्ट या डिनर के लिए बुलाता था
प्रिया ने बताया कि उन्होंने कई बार डायरेक्टर से पूछा कि इस किसिंग सीन की जरूरत क्या है और क्या यह कहानी के हिसाब से सही है। उन्होंने आगे कहा कि शूट खत्म होने के बाद भी उनकी परेशानी खत्म नहीं हुई। शूटिंग के दौरान दोनों एक ही होटल में ठहरे हुए थे और वह को-एक्टर बार-बार उन्हें ब्रेकफास्ट या डिनर के लिए बुलाता था, जबकि प्रिया कई बार मना कर चुकी थीं।
इस अनुभव ने प्रिया को अंदर तक परेशान कर दिया था। उन्होंने बताया कि वह हर रात अपने पति उमेश कामत को फोन करके अपनी परेशानी बताती थीं। उनकी चिंता को देखते हुए उमेश मुंबई से भोपाल पहुंचे, जहां फिल्म की शूटिंग चल रही थी, और 3 दिन तक उनके साथ रहे।
प्रिया बापट का फिल्मी करियर
प्रिया बापट के बारे में बात करें, तो वह मराठी सिनेमा का एक जाना-माना नाम हैं और ओटीटी पर भी उन्होंने अपनी मजबूत पहचान बनाई है। वह ‘काकस्पर्श’ और पॉलिटिकल ड्रामा सीरीज ‘सिटी ऑफ ड्रीम्स’ के लिए जानी जाती हैं।
ये भी पढ़ें- जहर खाने के पैसे नहीं थे, फिर भी सुष्मिता सेन को डेट कर रहा था ये प्रोड्यूसर; किया हैरान करने वाला खुलासा
उनकी फिल्मोग्राफी में ‘हैप्पी जर्नी’ (2014), ‘आम्ही दोघी’ (2018), ‘अंधेरा’ और सोनीलिव की सीरीज ‘रात जवान है’ जैसे प्रोजेक्ट्स शामिल हैं।