राष्ट्रपति भवन में होगी 'तन्वी द ग्रेट' की स्पेशल स्क्रीनिंग, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू होंगी शामिल
Tanvi The Great: राष्ट्रपति भवन में अनुपम खेर की फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' की स्पेशल स्क्रीनिंग होगी। फिल्म को रिलीज से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देखेंगी।
विस्तार
अनुपम खेर अपनी फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में इस फिल्म की स्क्रीनिंग 'राष्ट्रीय रक्षा अकादमी' पुणे में हुई। तब इस फिल्म की तारीफ हुई थी। अब फिल्म को स्पेशल स्क्रीनिंग के जरिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देखेंगीं।
फिल्म की टीम के लिए है बड़ी बात
फिल्म की रिलीज से पहले 'तन्वी द ग्रेट' की स्क्रीनिंग राष्ट्रपति भवन कल्चरल सेंटर में होगी। फिल्म की स्क्रीनिंग टीम के लिए खुशी का मौका है। खासकर फिल्म के अभिनेता और निर्देशक अनुपम खेर के लिए, जिन्होंने इसे अपने दिल के करीब बताया है।
सेना के जनरल देखेंगे फिल्म
अनुपम खेर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर जानकारी दी है कि 'तन्वी द ग्रेट' की स्क्रीनिंग दिल्ली में भारतीस सेन के लिए भी की जाएगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर कहा है 'मुझे खुशी होगी कि मैं भारतीय सेना के जनरल उपेंद्र द्विवेदी को यह फिल्म दिखाऊं। क्योंकि सेना ने न केवल मुझे बल्कि 1.4 अरब भारतीयों को सुरक्षित महसूस कराने में अहम भूमिका निभाई है।'
कई देशों में हुई 'तन्वी द ग्रेट' की तारीफ
फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' ऑटिज्म और भारतीय सेना पर आधारित है। यह फिल्म पहले ही काफी मशहूर हो चुकी है। इसकी स्क्रीनिंग कान, न्यूयॉर्क, लंदन और ह्यूस्टन में हो चुकी है। फिल्म को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में स्टैंडिंग ओवेशन मिल चुका है।
यह खबर भी पढ़ें: Tanvi The Great: 'तन्वी द ग्रेट' को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में मिला स्टैंडिंग ओवेशन, भावुक हुए निर्देशक अनुपम
फिल्म की कास्ट और कहानी
इस फिल्म में अनुपम खेर ने अभिनेत्री शुभांगी के साथ अहम किरदार निभाया है। इसमें करण ठक्कर और बोमन ईरानी ने भी अभिनय किया है।
तन्वी द ग्रेट में तन्वी रैना की कहानी दिखाई गई है। तन्वी अपनी मां विद्या और अपने दादा कर्नल प्रताप के साथ रहती हैं। वह अपने पिता समर रैना की तरह भारतीय सेना में जाना चाहती हैं। फिल्म 18 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।