Poonam Dhillon: 15 साल में बनीं मिस इंडिया, पहली फिल्म के लिए ही यश चोपड़ा के सामने रख दी बड़ी शर्त
Poonam Dhillon Birthday: पूनम ढिल्लों की गिनती बॉलीवुड की मशहूर और खूबसूरत अभिनेत्रियों में होती है। वो कई बड़ी फिल्मों में नजर आई हैं। उन्होंने अमिताभ बच्चन-राजेश खन्ना सरीखे कई बड़े सुपरस्टार्स के साथ काम किया है। आज पूनम ढिल्लों के जन्मदिन के मौके पर जानते हैं, उनसे जुड़ी कुछ बातें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अगर 80 के दशक की चुनिंदा अभिनेत्रियों का जिक्र हो, तो पूनम ढिल्लों की गिनती उसमें टॉप की अभिनेत्रियों में होती है। सिर्फ 16 साल की उम्र में अपना फिल्मी करियर शुरू करने वाली अभिनेत्री पूनम ढिल्लों फेमिना मिस इंडिया का खिताब भी अपने नाम कर चुकी हैं। पूनम ढिल्लों ने बॉलीवुड से लेकर टीवी सीरियल तक में अपने अभिनय का जलवा बिखेरा है। आज अभिनेत्री अपना 63वां जन्मदिन मना रही हैं। इस मौके पर जानते हैं, उनसे जुड़े कुछ रोचक किस्से और कैसे पूनम ढिल्लों को मिली उनकी पहली फिल्म।
कानपुर में हुआ जन्म
18 अप्रैल 1962 को उत्तर प्रदेश के कानपुर में जन्मीं पूनम ढिल्लों एक ऐसे परिवार से आती हैं, जहां फिल्में ज्यादा नहीं देखी जाती हैं। पूनम ढिल्लों ने साल 1977 में फेमिना मिस इंडिया का खिताब अपने नाम किया और सिर्फ 16 साल की उम्र में ही बॉलीवुड में एंट्री मार दी, वो भी यश चोपड़ा जैसे निर्देशक की फिल्म से। पूनम ढिल्लों ने अपने करियर में तकरीबन 90 फिल्में की हैं। इस दौरान उनकी जोड़ी राजेश खन्ना के साथ कई फिल्मों में नजर आई।
ऐसे मिली पहली फिल्म
पूनम ढिल्लों को उनकी पहली फिल्म कैसे मिली, इसके पीछे भी एक बड़ा ही रोचक किस्सा है। मिस इंडिया का खिताब जीतने के बाद पूनम ढिल्लों सुर्खियों में आ गईं। जब वह स्कूल में ही थीं तभी बॉलीवुड के दिग्गज निर्माता-निर्देशक यश चोपड़ा पूनम ढिल्लों के पास फिल्म ‘त्रिशूल’ का ऑफर लेकर पहुंच गए थे। हालांकि, पूनम और उनका परिवार इसके लिए राजी नहीं था। इसलिए खुद यश चोपड़ा पूनम के परिवार से बात करने और उनके पिता को समझाने उनके घर गए थे। लेकिन पूनम ढिल्लों ने यश चोपड़ा के सामने एक शर्त रख दी थी। उन्होंने यश चोपड़ा जैसे निर्देशक के सामने शर्त रखी कि वो फिल्म की शूटिंग सिर्फ स्कूल की छुट्टियों में ही करेंगी। यश चोपड़ा ने पूनम की ये शर्त मानी और कुछ इस तरह हुई पूनम ढिल्लों की फिल्मों में एंट्री।
यह खबर भी पढ़ें: Ibrahim Ali Khan: आईपीएल मैच के दौरान एक साथ दिखे इब्राहिम अली खान और राशा थडानी, वीडियो वायरल
पहली ही फिल्म में शशि कपूर ने जड़ दिया था थप्पड़
पूनम ढिल्लों को अपनी पहली ही फिल्म ‘त्रिशूल’ में अमिताभ बच्चन, शशि कपूर, संजीव कुमार और हेमा मालिनी जैसे बड़े स्टार्स के साथ काम करने का मौका मिला। इस फिल्म से जुड़ा भी एक किस्सा काफी चर्चित है। फिल्म के एक सीन में शशि कपूर को पूनम ढिल्लों को थप्पड़ मारना था। लेकिन निर्देशक यश चोपड़ा चाहते थे कि सीन ज्यादा रियल लगे, इसलिए उन्होंने इस सीन के बारे में पूनम ढिल्लों को नहीं बताया। जब सीन शूट हुआ तो शशि कपूर ने पूनम ढिल्लों को सच में एकदम से तेज थप्पड़ मार दिया। पूनम ढिल्लों इससे पूरी तरह से अनजान थीं, इसलिए वो अवाक रह गईं। हालांकि, बाद में शशि कपूर ने पूनम ढिल्लों से माफी भी मांगी थी।
राजेश खन्ना को नहीं जानती थीं पूनम ढिल्लों
पूनम ढिल्लों ने अपने करियर में राजेश खन्ना के साथ कई फिल्मों में काम किया। लेकिन पूनम ढिल्लों उनके साथ काम करने से पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना को जानती तक नहीं थीं। एक इंटरव्यू में राजेश खन्ना से जुड़ा किस्सा बताते हुए पूनम ढिल्लों ने बताया कि वह ऐसे परिवार से ताल्लुक रखती थीं, जहां फिल्में ज्यादा नहीं देखी जाती थीं। ऐसे में वह राजेश खन्ना को नहीं जानती थीं। एक बार उन्हें राजेश खन्ना से मिलने का मौका मिला, तब राजेश खन्ना ने खुद पूनम को अपने पास बुलाया था। पूनम ढिल्लों ने बताया कि पहली बार जब राजेश खन्ना से मिली थी तो वो चंडीगढ़ में शूटिंग कर रहे थे।
मैं स्कूल में पढ़ती थी, 8वीं क्लास में थी। तो जब हमें पता चला कि राजेश खन्ना पास में ही शूटिंग कर रहे हैं, तो हम सब लड़कियां गैंग बना कर सेट पर जा पहुंचीं। खूब चर्चा हो रही थी कि राजेश खन्ना-डिंपल कपाड़िया साथ में आए हैं, उन्हें देखना है। वहां लड़कियों की भीड़ लगी हुई थी। सारी लड़कियां स्कूल ड्रेस में थीं। तो भीड़ में उन्होंने मुझे देखा और उंगली से इशारा करते हुए अपने पास बुलाया। तो पहले मैंने पीछे मुड़कर देखा और फिर उन्हें देखा तो फिर उन्होंने इशारा किया कि तुमको ही बुला रहा हूं। तो मैं उनके पास गई, उन्होंने कहा कि तुम्हारी आंखे बहुत प्यारी हैं। मैं उनकी बातें सुनती ही रह गई। ऐसे हुई थी मेरी उनसे पहली मुलाकात।
यह खबर भी पढ़ें: Robinhood OTT Release: सिनेमाघरों में रिलीज के बाद 'रॉबिनहुड' को ओटीटी का सहारा, नितिन-श्रीलीला की जोड़ी को...
ऑनस्क्रीन पिता से शादी करना चाहती थीं पूनम
पूनम ढिल्लों ने 1984 में आई फिल्म ‘लैला’ में सुनील दत्त के साथ काम किया था। सुनील दत्त ने इस फिल्म में पूनम ढिल्लों के पिता का किरदार निभाया था। इस फिल्म के दौरान पूनम ढिल्लों ने कुछ ऐसा कहा था जो एक किस्सा बन गया। पूनम ढिल्लों ने बाद में खुद फिल्म की शूटिंग से जुड़ा एक किस्सा सुनाते हुए बताया कि उन्होंने फिल्म के सेट पर सुनील दत्त से शादी की इच्छा जताई थी। उन्होंने सुनील दत्त से मजाक में कहा था कि अगर तुम जवान होते तो मैं तुमसे शादी कर लेती।
पति से मिला धोखा, हुआ तलाक
पूनम ढिल्लों की प्रोफेशनल लाइफ तो काफी हिट रही, लेकिन उनकी पर्सनल लाइफ हमेशा चर्चाओं में रही। अपने व्यक्तिगत जीवन में वो कई परेशानियों से घिरी रहीं। उन्होंने पति की बेवफाई से लेकर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर तक का सामना किया है। पूनम ढिल्लों ने साल 1988 में फिल्म प्रोड्यूसर अशोक ठकेरिया से शादी की थी। कपल के दो बच्चे भी हैं।
हालांकि, दोनों का रिश्ता ज्यादा दिन अच्छा नहीं चल सका और 1997 में दोनों का तलाक हो गया और दोनों अलग हो गए। दरअसल, पूनम को अपने पति की बेवफाई के बारे में पता चला। उन्हें पता चला कि उनके पति अशोक ठकेरिया का कहीं अफेयर चल रहा है। जिसके बाद दोनों के रिश्ते में तनाव आने लगा और साल 1997 में दोनों अंतत: अलग हो गए।
यह खबर भी पढ़ें: Akshay Kumar: अक्षय कुमार ने फैंस से की भावुक अपील, जानिए 'केसरी 2' को लेकर क्या बोले 'खिलाड़ी'
पति को सबक सिखाने के लिए किया एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर
पति से धोखा मिलने के बाद और एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का पता चलने के बाद पूनम ढिल्लों ने पति को सबक सिखाने के लिए खुद का एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर किया। ताकि उनके पति अशोक ठकेरिया वापस आ जाएं। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। दोनों का तलाक हो गया है और पूनम का अपने बॉयफ्रेंड से भी ब्रेकअप हो गया। इसके बाद पूनम ने अपने दोनों बच्चों की अकेले देखभाल की और दोबारा कभी शादी नहीं की।