Kanaka Raju Death: गुसाडी नृत्य उस्ताद पद्मश्री कनक राजू का 84 वर्ष की आयु में निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक
मशहूर गुसाडी लोक नृत्य गुरु और पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित कनक राजू का निधन हो गया है। कनक का अंतिम संस्कार शनिवार को कुमारम भीम आसिफाबाद जिले में होगा।
विस्तार
मशहूर गुसाडी लोक नृत्य गुरु और पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित कनक राजू का निधन हो गया है। 84 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली। उन्हें गुसाडी राजू के नाम से भी जाना जाता था। उनका शुक्रवार को उम्र संबंधी समस्याओं के कारण निधन हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उनके निधन पर दुख जताया।
पीएम मोदी ने जताया दुख
पीएम मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'एक शानदार नर्तक और सांस्कृतिक प्रतीक श्री कनक राजू जी के निधन से दुखी हूं। गुसाडी नृत्य को संरक्षित करने में उनका समृद्ध योगदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करेगा। उनके समर्पण और जुनून ने यह सुनिश्चित किया कि सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण पहलू अपने प्रामाणिक रूप में फलते-फूलते रहें। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।'
Saddened by the passing of Shri Kanaka Raju Ji, a prolific dancer and cultural icon. His rich contribution to preserving Gussadi dance will always motivate the coming generations. His dedication and passion ensured that important aspects of cultural heritage can flourish in their… pic.twitter.com/RAu3C8v4d1
— Narendra Modi (@narendramodi) October 26, 2024
कनक राजू का अंतिम संस्कार
कनक राजू का अंतिम संस्कार शनिवार को कुमारम भीम आसिफाबाद जिले के जैनूर मंडल के उनके पैतृक गांव मरलावई में किया जाएगा। कनक राजू को कला में उनके योगदान के लिए 2021 में प्रतिष्ठित पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वह गुसाडी नृत्य समुदाय, खासकर तेलंगाना में एक प्रमुख हस्ती थे।
ए रेवंत रेड्डी ने जताया शोक
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने भी एक प्रसिद्ध गुसाडी नर्तक की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कनक राजू को गुसाडी को दुनिया के सामने लाने और तेलंगाना की कला और सांस्कृतिक परंपरा को संरक्षित करने के लिए एक असाधारण कलाकार के रूप में पहचाना गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रसिद्ध नर्तक की मृत्यु लोक कला के लिए एक अपूरणीय क्षति है। बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को कनक राजू का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ करने का आदेश दिया है।