Thandel: नागा चैतन्य के प्रशंसकों को लगा झटका, अगले साल तक के लिए खिसकी 'थंडेल' की रिलीज डेट!
नागा चैतन्य की आगामी अखिल भारतीय फिल्म 'थंडेल' का निर्माण बड़े पैमाने पर किया जा रहा है, लेकिन इसका इंतजार कर रहे प्रशंसकों को इसकी रिलीज का लंबा इंतजार करना पड़ सकता है।
विस्तार
साउथ सुपरस्टार नागा चैतन्य अपनी नई फिल्म 'थंडेल' के लिए कमर कस रहे हैं। नागा चैतन्य की आगामी अखिल भारतीय फिल्म 'थंडेल' का निर्माण बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। इस बहुप्रतीक्षित परियोजना में उनके साथ साई पल्लवी भी शामिल हैं, जिसका निर्देशन चंदू मोंडेती ने किया है। हाल ही में मीडिया से बातचीत के दौरान अभिनेता ने बताया था कि 'थंडेल' की कहानी सच्ची घटना पर आधारित है। वहीं, अब इसकी शूटिंग पर भी बड़ा अपडेट सामने आया है।
अगले साल खिसकेगी फिल्म की रिलीज डेट
दर्शकों को इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार है, लेकिन अब ऐसा लगता है कि उन्हें फिल्म की रिलीज के लिए और लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। यह फिल्म शुरुआत में 20 दिसंबर, 2024 को रिलीज होने वाली थी। वहीं, अब ऐसा लग इस फिल्म को दिसंबर में रिलीज शेड्यूल की वजह से देरी का सामना करना पड़ सकता है।
फिल्म की रिलीज में इस वजह से हो रही देरी!
साउथ सुपरस्टार राम चरण की 'गेम चेंजर', विष्णु मांचू की 'कन्नप्पा' और नितिन की 'रॉबिनहुड' सभी दिसंबर में रिलीज की योजना बना रही हैं, इसलिए 'थंडेल' अब जनवरी या फरवरी 2025 में रिलीज हो सकती है। रिलीज की तारीख के बारे में आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। 'थंडेल' में एक बार फिर साई पल्लवी और नागा चैतन्य की जोड़ी जमने वाली है। इससे पहले दोनों ने शेखर कमुला की 'लव स्टोरी' में साथ काम किया था। वहीं, इस फिल्म से नागा चैतन्य को काफी उम्मीदें हैं, क्योंकि उन्हें हाल के वर्षों में कई असफलताओं का सामना करना पड़ा है।
सच्ची घटना पर आधारित फिल्म
फिल्म का निर्माण गीता आर्ट्स द्वारा किया जा रहा है, जिसे संगीतकार देवी श्री प्रसाद ने अपनी धुनों से सजाया है। जानकारी तो यह भी है कि देवी प्रसाद ने पहले ही दो गानों की री-रिकॉर्डिंग पूरी कर ली है। वहीं, निर्देशन की कमान चंदू मोंदेती ने संभाली है। 'थंडेल' की कहानी साल 2018 में हुई घटना पर आधारित है, जिसमें आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम के कुछ मछुआरे गलती से पाकिस्तान की सीमा में चले गए थे, जहां उन्हें हिरासत में ले लिया गया था।