Raisinghani vs Raisinghani Review: छोटे परदे पर सोनी का टूटा तिलिस्म, ओटीटी का ये पहला धारावाहिक भी दिखा बेदम
टेलीविजन से दर्शकों का धीरे-धीरे मोह भंग इसलिए भी हो रहा है, क्योंकि अब टेलीविजन पर अच्छी कहानियां देखने को नहीं मिल रही हैं। दर्शकों का रुझान ओटीटी प्लेटफार्म पर कुछ ज्यादा ही हुआ है। आम तौर पर ओटीटी प्लेटफार्म पर जिस भी सीरीज की स्ट्रीमिंग होती है वह ज्यादातर आठ एपिसोड या 10 के ही होते है। अगर दर्शकों ने पहले सीजन को पसंद किया तो इसके दूसरे और तीसरे सीजन की तैयारी शुरू हो जाती है। सोनी लिव ने इस बार अपने प्लेटफार्म पर एक नया प्रयोग किया है। इसके नए शो का नाम 'रायसिंघानी वर्सेस रायसिंघानी' है। जिस तरह से टेलीविजन पर डेली सोप आते हैं, उसी तरह से यह शो भी हर सोमवार, मंगलवार और बुधवार को आएगा। इस शो के 35 एपिसोड तो बनकर पहले से ही तैयार हैं। अगर इस शो को दर्शक पसंद करेंगे तो एपिसोड आगे बढ़ते रहेंगे। खैर, देखते हैं इसका पहला एपिसोड कैसा रहा..
'रायसिंघानी वर्सेस रायसिंघानी' डेली सोप वेब सीरीज 'गिल्टी माइंड्स' और 'द ट्रायल' के जैसा एक कोर्ट ड्रामा है। यह शो बाकी शो से कितना अलग है, यह तो आगे के एपिसोड ही देखकर पता चलेगा। इस शो के पहले एपिसोड को देखने के बाद जो कहानी का निचोड़ समझ में आता है। वह यह है कि इस शो की कहानी तीन ट्रैक पर चलती दिख रही है। शहर के नामी वकील राजदीप रायसिंघानी अपनी वकालत का स्वाभाविक उत्तराधिकारी अपनी बेटी अनुष्का रायसिंघानी को ना बनाकर अपनी लॉ फर्म में काम करने वाले युवा वकील विराट चौधरी को बना देते हैं। विराट चौधरी और अनुष्का रायसिंघानी अतीत में मोहब्बत कर चुके हैं। नया ओहदा मिलने के बाद विराट एक बार फिर अनुष्का के करीब आने की कोशिश करता है। अंकिता पांडे भी हैं, जो रायसिंघानी की लॉ फर्म में इंटर्नशिप करना चाहती है ताकि वह राजदीप रायसिंघानी से बदला ले सके। वह राजदीप रायसिंघानी की अवैध संतान है।
'रायसिंघानी वर्सेस रायसिंघानी' का पहला एपिसोड देखने के बाद इतना तो समझ में आ जाता है कि आगे की कहानी का ताना बाना कैसे बुना गया होगा। भले ही इस शो की स्ट्रीमिंग ओटीटी प्लेटफार्म पर हुई है, इस शो को देखने के बाद ऐसा लगता है कि यह टेलीविजन का डेली सोप की है। हां, थोड़ा बेहतर चमकाया हुआ। जेनिफर विंगेट हो, करण वाही, फिर रीम शेख सब टेलीविजन के चर्चित कलाकार हैं। इन सबके किरदारों का चरित्र चित्रण भी टेलीविजन के शो जैसा ही किया गया है। इस शो के ज्यादातर डायलॉग सुने सुनाए ही लगते हैं। पहले ही समझ में आ जाता है कि सामने वाला कलाकार क्या डायलॉग बोलने वाला है।
शो 'रायसिंघानी वर्सेस रायसिंघानी' की शुरुआत बहुत ही धीमी गति से होती है। पहले एपिसोड में ऐसा कोई रोमांचक मोड़ नहीं दिखा, जिससे इस शो को आगे देखने की जिज्ञासा बनी रहे। कलाकारों के परफार्मेंस की जहां तक बात है। अनुष्का रायसिंघानी की भूमिका में जेनिफर विंगेट और विराट चौधरी की भूमिका में करण वाही के बीच अच्छी केमिस्ट्री देखने को मिली है। आगे चलकर इन दोनों किरदार के बीच राजदीप रायसिंघानी की वकालत की उत्तराधिकारी को लेकर टकराव देखने को मिल सकता है। राजदीप रायसिंघानी की भूमिका में संजय नाथ और अंकिता पांडे की भूमिका में रीम शेख अपना प्रभाव छोड़ने में सफल रही हैं।