फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Entertainment ›   Movie Reviews ›   Deadpool and Wolverine Hindi review by Pankaj Shukla India Ryan Reynolds Hugh Jackman X Men Mutants Universe

Deadpool And Wolverine Review: लेवी, रयान व जैकमैन की तिकड़ी का खूब तना तिरपाल, एमसीयू को मिला नया मसीहा

Thu, 25 Jul 2024 04:55 PM IST
Pankaj Shukla पंकज शुक्ल
Updated Thu, 25 Jul 2024 04:55 PM IST
विज्ञापन
Deadpool and Wolverine Hindi review by Pankaj Shukla India Ryan Reynolds Hugh Jackman X Men Mutants Universe
‘डेडपूल एंड वूल्वरिन’ रिव्यू - फोटो : अमर उजाला
Movie Review
डेडपूल एंड वूल्वरिन
कलाकार
रयान रेनॉल्ड्स , ह्यू जैकमैन , एम्मा कोरिन , मैथ्यू मैकफेयदेन , जॉन फैवेरियू , मोनिका बकारिन , रॉब डेलाने , लेसली उग्गम्स , एऱन स्टैनफोर्ज और करन सोनी
लेखक
रयान रेनॉल्ड्स , रहेट रीस , पॉल वरनिक , जेब वेल्स और शॉन लेवी
निर्देशक
शॉन लेवी
निर्माता
कैविन फैगी
रिलीज
26 जुलाई, 2024
रेटिंग
3.5/5

ऐसा हॉलीवुड फिल्मों में कम ही होता है और जब भी होता है कमाल ही होता है। अपनी अपनी शैली के दो दिग्गज कलाकार पहले किसी एक कमाल के निर्देशक के साथ अलग अलग काम कर चुके हों, दोनों कलाकार आपस में दोस्त भी हों और फिर एक दिन किस्मत मौका दे तीनों को एक साथ अमर, अकबर, एंथनी जैसा कुछ करने का! फिल्म ‘डेडपूल एंड वूल्वरिन’ में शॉन लेवी, रयान रेनॉल्ड्स और ह्यू जैकमैन ने ऐसा ही कुछ करने की कोशिश की है और काफी हद तक कामयाब भी रहे हैं। फिल्म को देखने के लिए आपको एमसीयू का सिलेबस याद करके आने की कतई जरूरत नहीं है, इस फिल्म को समझने के लिए जितना एमसीयू ज्ञान आपको चाहिए, इसके ज्ञानचंद फिल्म के दौरान ही दे देते हैं।

विज्ञापन


TVA: टाइम वेरिएंस अथॉरिटी क्या है? मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स में कब आईं? लोकी सीरीज से क्या है इसका संबंध

विज्ञापन

Deadpool and Wolverine Hindi review by Pankaj Shukla India Ryan Reynolds Hugh Jackman X Men Mutants Universe
'डेडपूल एंड वूल्वरिन' रिव्यू - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

ध्यानचंद, ज्ञानचंद और करमचंद की तिकड़ी

फिल्म ‘डेडपूल एंड वूल्वरिन’ दरअसल एमसीयू के ध्यानचंद, ज्ञानचंद और करमचंद तीनों का लिटमेस टेस्ट जैसा है। साल 2022 और 2023 में एमसीयू की छह फिल्में और आठ वेब सीरीज ने एमसीयू के समर्पित भक्तों को भी बागी बनने पर मजबूर कर दिया। इन सारी किताबों को एमसीयू के क्लासरूम में बाहर फेंककर निर्देशन शॉन लेवी ने अपने पुराने दोस्त ह्यू जैकमैन को एक्स मैन सीरीज की आखिरी फिल्म ‘लोगन’ से उठाया और अपने कुछ ही साल पहले बने पक्के दोस्त रयान रेनॉल्ड्स को ‘डेडपूल’ से। फिर कहानी वहां से शुरू की जहां डिज्नी ने हॉलीवुड की दिग्गज कंपनी ट्वेंटिएथ सेंचुरी फॉक्स का अपने में विलय किया था। फिल्म में इसका विशालकाय पत्थर का बना लोगो धरती में धंसता दिखता भी है और यहीं से शॉन लेवी को एक्स मेन के दूसरे सितारे भी चमकते दिखाई देते हैं।

Deadpool and Wolverine Hindi review by Pankaj Shukla India Ryan Reynolds Hugh Jackman X Men Mutants Universe
'डेडपूल एंड वूल्वरिन' रिव्यू - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

ध्रुव शक्ति और धरती बचाने की मुहिम

फिल्म ‘डेडपूल एंड वूल्वरिन’ देखने के लिए आपको बस इतना समझना है कि टाइम वैरिएंस अथॉरिटी (टीवीए) क्या है और मल्टीवर्स क्या है? अलग अलग कालखंडों में और अलग अलग धरतियों पर हो रही घटनाओं पर नजर रखने वाली ये एजेंसी इस बार डेडपूल को उठा ले जाती है। डेडपूल को अलग अलग दुनियाओं में भटकने का मौका मिलता है तो इस जानकारी के बाद कि उसकी अपनी दुनिया बस अगले 72 घंटों में नष्ट होने वाली है। समय में आगे-पीछे डोलती इस कहानी की ‘ध्रुव शक्ति’ उसे तमाम यूनिवर्स में भटकने के बाद मिलती है। दोनों एक दूसरे से अमिताभ बच्चन और विनोद खन्ना की तरह लड़ते हैं। हैं तो एक दूसरे की जान के प्यासे लेकिन एक दूसरे के बिना रह भी नहीं सकते। आगे मामला हिंदी फिल्मों जैसा ही है। शाकाल टाइप की एक विलेन भी है, जिसे दूसरों के दिमाग में ‘उंगली’ करने की खराब आदत है।

Deadpool And Wolverine: फिल्म की रिलीज से पहले जानिए कौन है डेडपूल? सिनेमा में क्या होती है फोर्थ वॉल ब्रेकिंग

विज्ञापन

Deadpool and Wolverine Hindi review by Pankaj Shukla India Ryan Reynolds Hugh Jackman X Men Mutants Universe
'डेडपूल एंड वूल्वरिन' रिव्यू - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

अजीब दास्तां है ये, कहां शुरू, कहां खत्म!

शुरू के 30 मिनट फिल्म कमाल है। यूं लगता है कि रयान रेनॉल्ड्स ने फिल्म ‘किल’ के कत्लों का रिकॉर्ड तोड़ने का प्रण कर लिया है। इतना खून खराबा परदे पर मचता है लेकिन दर्शक उसमें भी मजे लेते दिखते हैं। वीभत्स, रौद्र, वीर और भयानक सारे रस एक दूसरे में गुत्थमगुत्था होते जाते हैं और बीच बीच में हास्य का छौंका माहौल को महकाए रखने की पूरी कोशिश करता है। कहानी तय हो जाती है। दोनों सुपरहीरो एक दूसरे से मिल भी जाते हैं। बस इसके बाद लेखक टी ब्रेक ले लेते हैं। कहानी नीचे गोता लगाती है और इसके पहले कि बीते दो साल की एमसीयू की अधिकतर फिल्मों की तरह ये फिल्म और गहरा गोता लगाए, पांच पांडव सरीखे फिल्म के पांच लेखक मिलकर ‘महाभारत’ संभाल लेते हैं। फिल्म हॉलीवुड में ‘आर’ श्रेणी में पारित है और अपने यहां ‘ए’ यानी ‘वयस्कों के लिए’ से ऊपर कोई दूसरी श्रेणी होती नहीं। बस सोच लीजिए कि ‘सेक्रेड गेम्स’ के दौर के अनुराग कश्यप अगर डिज्नी की कोई फिल्म निर्देशित करते तो क्या होता, फिल्म ‘डेडपूल एंड वूल्वरिन’ वही फिल्म है।

Deadpool And Wolverine World Premiere: 'डेडपूल एंड वूल्वरिन' का वर्ल्ड प्रीमियर, रयान-ह्यू जैकमैन का दिखा जलवा

Deadpool and Wolverine Hindi review by Pankaj Shukla India Ryan Reynolds Hugh Jackman X Men Mutants Universe
‘डेडपूल एंड वूल्वरिन’ रिव्यू - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

आदमी है, आदमी से प्यार करता है..!

डिज्नी की फिल्मों में एलजीबीटीक्यू का किस्सा अब पुराना हो चला है। फिल्म ‘डेडपूल एंड वूल्वरिन’ में डेडपूल की हरकतें भी उसके बार बार इसी तरफ बह निकलने की चुगली करती रहती हैं। संवादों में गालियां इतनी हैं कि अगर सारी गालियां फिल्म से निकाल दी जाएं तो शायद फिर सारे संवादों में डेडपूल और वूल्वरिन ही सुनने को बचे। और, बख्शा इसके लेखकों ने बेबीपूल को भी नहीं है। खैर, ये डेडपूल की अपनी पहचान की जरूरत है। उसने पिछली दो फिल्मों में दर्शकों से बात करके (फोर्थ वॉल ब्रेकिंग) जो अपनी ब्रांडिंग दर्शकों के बीच बनाई है, उसने डिज्नी की फिल्मों को केवल वयस्कों के लिए बनाने का भी इतिहास बना ही दिया है। कैविन फैगी कह चुके हैं कि अभी और म्यूटेंट्स इस कहानी में आने बाकी है। फिल्म ‘डेडपूल एंड वूल्वरिन’ को देखने के बाद शायद इसका अंदाजा भी दर्शकों को हो जाएगा। ‘एक्स मेन’ और ‘फैंटास्टिक फोर’ के किरदारों से सांसें पाता फिल्म ‘डेडपूल एंड वूल्वरिन’ का क्लाइमेक्स कमाल है। एंड क्रेडिट्स के बीच आने वाला पोस्ट क्रेडिट सीन भी नए इशारे कर ही जाता है।

Deadpool & Wolverine:  डेडपूल और वूल्वरिन को साथ देखने को दर्शक बेताब, हिंदी संस्करण की धमाकेदार एडवांस बुकिंग

Deadpool and Wolverine Hindi review by Pankaj Shukla India Ryan Reynolds Hugh Jackman X Men Mutants Universe
‘डेडपूल एंड वूल्वरिन’ रिव्यू - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई

संपूर्ण मनोरंजक है, पर पारिवारिक फिल्म नहीं है

बतौर निर्देशक शॉन लेवी ने रयान रेनॉल्ड्स के साथ हैट्रिक लगाई है। ‘फ्री गॉय’ और ‘द एडम प्रोजेक्ट’ में दोनों का साथ खूब जमा और अब ‘रीयल स्टील’ माफिक ह्यू जैकमैन के इस जोड़ी से मिलकर तिकड़ी बना लेने ने एमसीयू की पूरी भौतिकी बदल डाली है। डेडपूल और वूल्वरिन की केमिस्ट्री कमाल है। दोनों का साथ बिल्कुल जय-वीरू जैसा है, हालांकि काम दोनों ‘खून पसीना’ वाला करते दिखते हैं। फिल्म के संवाद बेहद चुटीले और आग लगाने वाले हैं। संगीत एमसीयू की फिल्मों का शानदार रखने की कोशिश केविन फैगी हर बार करते ही हैं। एम्मा कोरिन ने भी फिल्म का टेंटपोल ताने रखने में दोनों लीड किरदारों की अच्छी मदद की है। फिल्म सिर्फ बड़े बच्चों के लिए है लिहाजा परिवार के साथ इसे देखने जाने की भूल कतई न करें। हां, अगर आपका कोई बॉयज या गर्ल गैंग है तो उसके साथ देखने के लिए फिल्म पूरी तरह परफेक्ट है।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें Entertainment News से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। मनोरंजन जगत की अन्य खबरें जैसे Bollywood News, लाइव टीवी न्यूज़, लेटेस्ट Hollywood News और Movie Reviews आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed