Manushi Chhillar: ‘देवदास’ की पारो का किरदार निभाना चाहती हैं मानुषी, बताया बॉलीवुड में कैसा रहा अब तक का सफर
Manushi Chhillar Interview: 2017 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने वाली मानुषी छिल्लर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘मालिक’ को लेकर चर्चाओं में बनी हैं। इस बीच एक्ट्रेस ने अमर उजाला के साथ की खास बातचीत।
विस्तार
मानुषी छिल्लर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘मालिक’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इस फिल्म में उनके साथ राजकुमार राव प्रमुख भूमिका में नजर आएंगे। मानुषी को इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं। क्योंकि उनके तीन साल के बॉलीवुड करियर में एक भी हिट फिल्म नहीं है। ऐसे में ‘मालिक’ मानुषी के लिए काफी अहम फिल्म है। अब फिल्म के प्रमोशन के दौरान मानुषी छिल्लर अभिनेता राजकुमार राव के साथ अमर उजाला के लखनऊ स्थिति ऑफिस में पहुंचीं। यहां खास बातचीत में मानुषी ने रैपिड फायर राउंड में कई मजेदार जवाब दिए।
आपकी पसंदीदा अभिनेत्री कौन हैं?
मुझे प्रियंका चोपड़ा बहुत पसंद हैं।
किस फिल्म के रीमेक में काम करना चाहेंगी?
मैं देवदास में पारो का किरदार करना चाहूंगी।
2017 में मिस वर्ल्ड बनने से शुरू हुई अब तक की जर्नी में अगर कुछ एक डिलीट करना हो, तो क्या करेंगी?
वैसे तो कुछ भी नहीं डिलीट करना चाहूंगी। क्योंकि हर एक पल ने कुछ न कुछ दिया है। उससे कुछ न कुछ सीखा है। हां, जब कोविड की वजह से लॉकडाउन लगा था, तब जरूर ये लगा था कि सब कुछ स्लो हो गया है। एक ठहराव आ गया है। वो भी इसलिए कि मैंने शुरू ही किया था और अचानक सब कुछ थम सा गया। हालांकि, उस वक्त उसकी जरूरत थी। लेकिन अंदर ही अंदर लगता था कि मैं और भी काम करना चाहती हूं। मेरी फिल्म जल्दी आए। मैं बस उस समय को थोड़ा कम करना चाहूंगी।
आपको अब तक बॉलीवुड ने कैसे ट्रीट किया है?
अभी तो शुरुआत हुई है। अभी तो सबकुछ अच्छा ही रहा है। जैसा किसी भी फील्ड में नए इंसान को ट्रीट किया जाता है, वैसा ही यहां मुझे किया जाता है। ऐसे भी लोग हैं, जिन्होंने मुझे बहुत अच्छा फील कराया है और मेरा साथ ही दिया है। कुछ ऐसे भी लोग हैं, जिन्हें मैं और भी जानना चाहूंगी। मैं धीरे-धीरे समझ ही रही हूं।
यह खबर भी पढ़ेंः Rajkummar Rao: शाहरुख-सलमान में से किसके साथ काम करना चाहेंगे राजकुमार, एक्टर ने दिया मजेदार जवाब
अभी तक की बॉलीवुड की जर्नी से क्या सीख मिली है? कहानी को देखकर फिल्म करो या फिर एक्टर और बैनर देखकर?
हालांकि, फिल्म एक पूरा पैकेज होती है। लेकिन कहानी और एक्टर-बैनर में से किसी एक को चुनना हो तो बेशक कहानी ही सबसे महत्वपूर्ण है, ये मुझे अब समझ में आया है। लेकिन कहीं न कहीं आप चाहेंगे कि एक अच्छा प्रोड्यूसर हो, जो उस कहानी को अच्छे से पैकेज करे। एक अच्छा निर्देशक हो जो उस कहानी को अच्छे से दिखाए। इसलिए अच्छी फिल्म बनाने में हर चीज की अपनी भूमिका होती है। सिर्फ कोई एक चीज फिल्म को अच्छा नहीं बनाती।