फुलेरा पहुंचे केविन पीटरसन: 'पंचायत’ की गलियों को निहारते दिखे पूर्व क्रिकेटर, बोले- इसके जैसी कोई जगह नहीं
- केविन पीटरसन हाल ही में ‘पंचायत’ फ्रेंजाइजी के फुलेरा गांव पहुंचे।
- वहां वह पूरी तरह से गांव के परिधान में दिखाई दिये।
- इतना ही नहीं उन्होंने सीरीज का मशहूर डायलॉग भी बोला।
विस्तार
इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन इन दिनों भारत में हैं। इस देश को जानने और इस दौरान हुए मजाकिया अनुभव वह सोशल मीडिया के माध्यम से शेयर करते रहते हैं। हाल ही में वह फुलेरा पहुंचे जहां उन्हें गांव के देसी आउटफिट में देखा गया। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या खास है वीडियो में?
पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन पर भी सीरीज ‘पंचायत 5’ का रंग चढ़ चुका है। वह भी इस सीरीज का हिस्सा होंगे। हाल ही में प्रोडक्शन द्वारा जारी वीडियो में वह गांव फुलेरा में नजर आए। इतन ही नहीं वह कुर्ता-पायजामा पहने, सिर पर गमछा बांधे, दातून करते हुए दिखाई दिये। इस दौरान उन्होंने चाय की चुस्की ली और चर्चित पानी की टंकी को भी देखा।
क्या बोले केविन पीटरसन?
केविन पीटरसन ने इस वीडियो में अपना खास अंदाज दिखाया। उन्होंने कहा, ‘मैं केविन पीटरसन हूं। मैं इंग्लैंड का पूर्व क्रिकेटर हूं। मैंने लंदन से लेकर सिडनी तक पूरी दुनिया घूमी है, लेकिन दुनिया में फुलेरा जैसी कोई जगह नहीं है!’ फुलेरा में कदम जमाने के साथ ही पीटरसन फुलेरा के कुछ सबसे चर्चित डायलॉग्स भी अपने खास अंदाज में बोलते नजर आते हैं।
कब रिलीज होगा पांचवां सीजन?
दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन में बना यह नया सीजन एक बार फिर शानदार कलाकारों की टोली के साथ लौट रहा है। इसमें जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैजल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक अपनी-अपनी भूमिकाओं में नजर आएंगे।पंचायत सीजन 5 का प्रीमियर 03 दिसंबर, 2026 को प्राइम वीडियो पर होगा।
