Donald Trump Win: ट्रंप की जीत के बाद माइकल ने लाइव टीवी पर शराब पी, कहा-गोरे लोग अपराधी को चुन सकते हैं तो...
अमेरिका के चर्चित वीकेंड शो एसएनएल में माइकल ची, कॉलिन जोस्ट हास्य के जरिए दर्शकों को हफ्ते भर की खबरों से वाकिफ कराते हैं। साथ ही राजनीति पर भी हंसी-मजाक में टिप्पणी करते हैं। हाल ही में उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप की जीत पर भी टिप्पणी की।
विस्तार
शो एसएनएल में माइकल के साथ कॉलिन जोस्ट भी नजर आते हैं। दोनों साथ ही इस शो पर दिखाई देते हैं। हाल ही में कॉलिन ने शो पर अभी-अभी चुने गए नए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर चुटकी लेते हुए कहा, 'अमेरिका के लिए स्वर्ण युग की शुरुआत हो चुकी है।' असल में वह ट्रंप का मजाक उड़ा रहे थे।
कॉलिन को दिया जवाब
माइकल ने हाथ में शराब पकड़ी और कॉलिन को जवाब देते हुए कहा, 'अगर गोरे लोग अपराधी को चुन सकते हैं, तो मैं अपने वाले के लिए नाच सकता हूं।' फिर उन्होंने आगे कहा, 'दुनिया के 10 सबसे धनी लोगों ने चुनाव के बाद तुरंत लगभग 60 बिलियन डॉलर की संपत्ति अर्जित की। हां, सबसे अमीर लोग तुरंत अमीर हो गए, लेकिन चिंता मत करो, मुझे यकीन है कि तुम्हारा नंबर भी जल्द ही आ रहा है।' माइकल और कॉलिन अकसर ही अपने शो पर कई राजनेताओं पर टिप्पणी करते हैं। इनके इसी अंदाज के अमेरिकी लोग भी कायल हैं। यह शो अमेरिका के अलावा बाकी देशों में भी पसंद किया जाता है।
कमला और ट्रंप के बीच रही कांटे की टक्कर
अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में कमला हेरिस और डोनाल्ड ट्रंप आमने-सामने थे। दोनों के बीच काफी कड़ी टक्कर रही। कमला का रिश्ता तो भारत से भी जुड़ता है, उनके परिवार की जड़ें हमारे देश से जुड़ती हैं। इसलिए ऐसा माना जा रहा था कि कमला को भारतीय मूल और अश्वेत लोगों का पूरा साथ मिलेगा। लेकिन अब जब परिणाम सामने आया है, तो ट्रंप ने जीत हासिल की है।
भारत के साथ रिश्ते हो पाएंगे बेहतर
ट्रंप की जीत के बाद यह बात भी जोर पकड़ने लगी है कि अब अमेरिका और भारत के रिश्ते पहले से बेहतर होंगे। दरअसल, ट्रंप हमेशा ही भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीब माने गए। ऐसे में उम्मीद है कि ट्रंप अब भारतीय लोगों और भारत को लेकर सकारात्मक रवैया रखेंगे।