नई फिल्म: ड्वेन जॉनसन की फिल्म 'ब्लैक एडम' की शूटिंग हुई पूरी, जानें कब होगी थिएटर में रिलीज
- ड्वेन जॉनसन ने दी फिल्म ब्लैक एडम की शूटिंग पूरी होने की जानकारी
- ड्वेन द रॉक जॉनसन ने सोशल मीडिया पर साझा किया पोस्ट
- अगले साल इस महीने रिलीज होने वाली है ये फिल्म
विस्तार
हॉलीवुड के मशहूर सितारे ड्वेन जॉनसन ने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा कर फिल्म 'ब्लैक एडम' की शूटिंग पूरी होने की जानकारी दी। ड्वेन लंबे समय से पर्दे पर ब्लैक एडम का किरदार निभाने के लिए उत्साहित थे। उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस को बताया कि डीसी फिल्म की शूटिंग अब पूरी हो चुकी है। 'द रॉक' नाम से मशहूर ड्वेन जॉनसन ने एक पोस्ट साझा कर लिखा, 'ये कहते हुए बहुत ही गर्व और सम्मानित महसूस हो रहा कि ब्लैक एडम की शूटिंग पूरी हो गई। मै बहुत सालों पहले से जानता था कि मेरे लिए ब्लैक एडम बनाने का अवसर एक करियर इवेंट में एक बार होगा'।
ब्लैक एडम की शूटिंग पूरी
आगे उन्होंने लिखा, 'मेरे लिए बहुत गर्व की बात रही है कि ब्लैक एडम जो कि एक एंटी हीरो है उसे पर्दे पर जीवंत करने के लिए फिल्म निर्माताओं और कहानीकारों के हजार से अधिक शानदार और भूखे क्रू मेंबर्स के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने का मौका मिला। ये मेरे करियर का सबसे संघर्ष भरा काम रहा है जिसमें मानसिक और शारीरिक दोनों तौर पर मैंने मेहनत की है, लेकिन हर एक सेकेंड बहुत ही खास रहा। आप सभी को प्यार और धन्यवाद। डीसी यूनिवर्स में सत्ता की ताकत बदल रही है'।
कोरोना के चलते जहां बहुत सी फिल्मों और सीरीज की शूटिंग पर असर पड़ा था वैसे ही 'ब्लैक एडम' के प्रोडक्शन का काम भी महामारी के चलते देरी से हुआ। डेडलाइन के अनुसार फिल्म की कहानी बताती है कि बिली बैटसन के कैप्टन मार्वल बनने के हजारों साल पहले जादूगर शाजाम ने किसी दूसरे व्यक्ति को इस किरदार के लिए चुना था। टैथ एडम उर्फ माइटी एडम पहले एक हीरो था, लेकिन उसे मिली ताकत उसे पूरी तरह भ्रष्ट बना देती है। बाद में वो ब्लैक एडम बन जाता है और शाजम द्वारा उसे निर्वासित कर दिया जाता है। अब वर्तमान में ब्लैक एडम को अपनी गलतियों का एहसास होता है और वो अपना नाम सही करन की कोशिश करता है।
इस फिल्म में जॉनसन के अलावा एल्डिस हॉज हॉकमैन के किरदार में नजर आएंगे। नोहा सेंटीनो एटम स्मैशर, क्विटेसा स्विंडेल साइक्लोन और पियर्स ब्रॉसनैन डॉ फेट के किरदार में होंगे। फिल्म 'ब्लैक एडम' 29 जुलाई 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। 'जंगल क्रूज' के 'निर्माता ब्लैक' एडम का निर्देशन कर रहे हैं।