Rapper: इजरायल के खिलाफ मशहूर रैपर ने लगाए नारे? पुलिस जांच में जुटी; ग्लैस्टनबरी फेस्टिवल में मचा बवाल
Bob Vylan: इजरायल के खिलाफ रैपर बॉब वायलन ने कथित तौर पर नारे लगाए हैं जिसके बाद अब वो ब्रिटेन पुलिस की जांच के घेरे में आ गए हैं।
विस्तार
ब्रिटेन का सबसे प्रतिष्ठित संगीत महोत्सव ग्लैस्टनबरी फेस्टिवल इस बार विवादों की वजह से सुर्खियों में आ गया है। शनिवार को हुए एक परफॉर्मेंस के दौरान रैपर बॉबी वायलन द्वारा मंच से दिए गए विवादित बयानों को लेकर न केवल दर्शकों में हलचल मच गई, बल्कि ये मामला अब पुलिस जांच के दायरे में भी पहुंच गया है।
विवादों में फंसे रैपर बॉबी वायलन
रैपर बॉबी वायलन ने अपनी परफॉर्मेंस के दौरान ‘फ्री, फ्री फिलिस्तीन’ और ‘डेथ टू IDF’ (इजरायली डिफेंस फोर्सेज) जैसे नारे लगवाए। इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए, जिसके बाद एवन एंड समरसेट पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वो उपलब्ध वीडियो फुटेज का विश्लेषण करेगी ताकि यह तय किया जा सके कि कोई आपराधिक अपराध तो नहीं हुआ है।
ये खबर भी पढ़ें: Celebs Death Mystery: दिव्या भारती से लेकर परवीन बॉबी तक, आज भी रहस्य बनी हुई है इन सेलेब्स की मौत
इजरायल दूतावास ने जताई नाराजगी
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर इजरायल दूतावास ने भी नाराजगी जताई है। दूतावास ने सोशल मीडिया के जरिए इस बयान को ‘उकसाने वाला और घृणा फैलाने वाला’ करार देते हुए कड़ी आलोचना की। वहीं, ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री वेस स्ट्रेटिंग ने भी इस घटना को ‘घृणित और शर्मनाक’ बताया और BBC से सवाल किया कि ऐसे बयानों का लाइव प्रसारण क्यों किया गया।
इस मामले में संस्कृति मंत्री लीजा नैंडी ने बीबीसी के डायरेक्टर जनरल से इस पर चर्चा की है और उन्हें जवाबदेही के लिए बुलाया है। बीबीसी की ओर से सफाई देते हुए कहा गया है कि लाइव स्ट्रीम के दौरान ‘बेहद आपत्तिजनक और भेदभावपूर्ण भाषा’ की चेतावनी पहले ही दी गई थी।
विवादों में घिरा फेस्टिवल
फेस्टिवल के एक और हिस्से में आयरिश-लैंग्वेज रैप ग्रुप ‘नीकैप’ की प्रस्तुति भी विवादों में घिर गई। ग्रुप के एक सदस्य, मो चारा (Mo Chara), जिनका असली नाम लियाम ओ हन्ना है, पर पहले से ही आतंकवाद एक्ट के तहत आरोप लगे हैं, जब उन्होंने पिछले साल लंदन के एक कॉन्सर्ट में हिजबुल्ला का झंडा लहराया था। बावजूद इसके, ग्लैस्टनबरी में उन्होंने ‘फ्री फिलिस्तीन और “फ्री मो चारा” जैसे नारे लगाए और प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के खिलाफ भी भद्दे शब्दों का इस्तेमाल किया।