Mehar Poster: गीता बसरा की 'मेहर' का पोस्टर रिलीज, बोलीं- 'यह फिल्म कई मायनो में मेरे लिए बेहद खास है'
Geeta Basra On Movie Mehar: गीता बसरा फिल्म 'मेहर' के जरिए पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। आज सोमवार को फिल्म का एक पोस्टर जारी हुआ है। इसके साथ मेहर ने फिल्म को लेकर उत्साह जताया है।
विस्तार
फिल्म 'मेहर' के जरिए शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा पंजाबी सिनेमा में कदम रख रहे हैं। उनके अलावा गीता बसरा भी इस फिल्म के जरिए पर्दे पर लौट रही हैं। कल रविवार को फिल्म से उनका लुक सामने आया था। आज सोमवार को एक और पोस्टर रिलीज किया गया है, जिसमें गीता बसरा की झलक है। इसके साथ गीता बसरा ने फिल्म में काम करने का अपना अनुभव भी शेयर किया है।
सिम्मी के रोल में नजर आएंगी गीता
गीता बसरा ने इंस्टाग्राम पोस्ट शेयर किया है। इसके साथ उन्होंने लिखा है, 'यह फिल्म मेरे लिए कई वजहों से खास है। बात सिर्फ कहानी और मेरे किरदार की नहीं है, बल्कि उस टीम की है जिसके साथ मैंने काम किया है। सबसे पहले मैं मुकेश छाबड़ा का शुक्रिया अदा करना चाहूंगी, जिन्होंने मुझे यह रोल दिया और मुझमें सिम्मी की कल्पना की। आप हमेशा मुझसे कहते थे, 'गीता, मुझ पर भरोसा रखो, मैं तुम्हारे लिए कुछ बहुत अच्छा लाऊंगा और आपने वो कर दिखाया, मेरे दोस्त, इसलिए शुक्रिया'।
गीता ने राज कुंद्रा को बताया शानदार को-स्टार
गीता बसरा ने पोस्ट में आगे राज कुंद्रा को टैग किया है। उन्होंने लिखा है, 'आपने इस किरदार के लिए सचमुच अपना खून-पसीना एक कर दिया है! करम के किरदार के लिए आपने जो समर्पण दिखाया है, वो काबिले तारीफ है और यकीन मानिए, आपकी मेहनत रंग जरूर लाएगी। दुनिया एक ऐसे राज को देखेगी, जिसके बारे में शायद बहुत कम लोग जानते होंगे! फिल्मों में आपका 'आधिकारिक तौर पर' स्वागत है, क्योंकि मैं इस फिल्म को एक अभिनेता के तौर पर आपकी पहली फिल्म के तौर पर देखूंगी! बेहतरीन कोस्टार होने के लिए शुक्रिया'!
करमजीत के रोल में नजर आएंगे राज कुंद्रा
इसके अलावा उन्होंने राकेश मेहता का भी शुक्रिया अदा किया है। फिल्म 'मेहर' में राज कुंद्रा को करमजीत सिंह के रोल में देखा जाएगा। बता दें कि फिल्म 'मेहर' का एलान लोहड़ी पर किया गया था। राज कुंद्रा की यह पहली पंजाबी फिल्म है। मालूम हो कि बॉलीवुड में वे फिल्म 'यूटी 69' से आगाज कर चुके हैं। फिल्म 'मेहर' 05 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।