Gaurav Chopra: 'प्रतियोगियों पर काला जादू करते थे स्वामी ओम', बिग बॉस को लेकर गौरव चोपड़ा का बड़ा दावा
फिल्मों में अभिनय के अलावा गौरव टेलीविजन पर भी एक लोकप्रिय चेहरा रहे हैं। उन्होंने हिट रियलिटी शो ‘बिग बॉस के 10वें’ सीजन में भाग लिया और एक नए इंटरव्यू में बताया कि उन्हें ऐसा करने के फैसले पर पछतावा है।
विस्तार
टीवी जगत के लोकप्रिय अभिनेता गौरव चोपड़ा इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘गदर 2’ की सफलता का आनंद ले रहे हैं । इस फिल्म में गौरव ने भारतीय सेना के कर्नल की सहायक भूमिका निभाई थी। फिल्मों में अभिनय के अलावा गौरव टेलीविजन पर भी एक लोकप्रिय चेहरा रहे हैं। उन्होंने हिट रियलिटी शो ‘बिग बॉस के 10वें’ सीजन में भाग लिया और एक नए इंटरव्यू में बताया कि उन्हें ऐसा करने के फैसले पर पछतावा है।
गौरव चोपड़ा ने बिग बॉस को बताया बेकार
गौरतलब है कि बिग बॉस के 10वें सीजन में पहली बार मशहूर हस्तियों के साथ-साथ आम लोग भी घर में मौजूद थे। इस सीजन के सबसे विवादास्पद प्रतियोगियों में से एक स्व-घोषित भगवान स्वामी ओम थे। उन्होंने न केवल अपने साथी प्रतियोगियों को परेशान किया, बल्कि शो के निर्माताओं के लिए भी परेशानी खड़ी कर दी। शो में उनका सफर लंबा था, लेकिन उनकी हरकतों को देखते हुए मेकर्स ने उन्हें शो से बाहर का रास्ता दिखा दिया था।
स्वामी ओम पर लगाए यह गंभीर आरोप
गौरव ने स्वामी ओम को एक डरावने प्रतियोगी के रूप में याद किया जो दर्शकों के लिए केवल मजाकिया था। उन्होंने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा, 'मुझे बिग बॉस में कभी नहीं जाना चाहिए था। स्वामी ओम डरावने थे। उन्होंने काला जादू किया। हमें बुरी तरह धमकाया गया था। दर्शकों को तो यह अजीब लगा, लेकिन प्रतियोगियों के लिए यह बहुत बुरा था।’
आपत्तिजनक बयान को लेकर विवादों में घिरे हैं कंटेस्टेंट्स
बता दें कि सलमान खान का शो बिग बॉस हर साल ही विवादों के घेरे में आ जाती है। कभी होस्ट सलमान खान अपने बयान को लेकर विवादों में घिर जाते हैं तो वहीं, कुछ कंटेस्टेंट्स अपनी हरकतों को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोल हो जाते हैं। अब गौरव चोपड़ा के इस खुलासे ने सभी को बुरी तरह से हैरत में डाल दिया है।