Kunal Kemmu: ‘मडगांव एक्सप्रेस’ की पहली सालगिरह पर भावुक हुए निर्देशक कुणाल खेमू, किया बड़ा एलान
Madgaon Express: कुणाल खेमू द्वारा निर्देशित पहली फिल्म ‘मडगांव एक्सप्रेस’ की रिलीज को एक साल पूरा हो गया है। इस मौके पर कुणाल खेमू ने फिल्म से जुड़ा एक भावुक नोट साझा किया है, साथ ही अपने फैंस के लिए एक बड़ा एलान भी किया है।
विस्तार
अभिनेता से निर्देशक बने कुणाल खेमू ने पिछले साल आई कॉमेडी फिल्म ‘मडगांव एक्सप्रेस’ से बतौर निर्देशक अपनी शुरूआत की थी। बहुत दिनों बाद एक ऐसी कॉमेडी फिल्म आई थी जिसने दर्शकों को हंसाया था और बॉक्स ऑफिस पर भी सफलता हासिल की थी। फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था। आज फिल्म अपनी रिलीज का एक साल पूरा कर चुकी है। इस मौके पर फिल्म के निर्देशक कुणाल खेमू ने एक नोट सोशल मीडिया पर साझा किया है। साथ ही उन्होंने यह भी खुलासा किया है कि उन्होंने अपनी अगली फिल्म की स्क्रिप्ट भी पूरी कर ली है।
कुणाल खेमू ने जताया सभी का आभार
कुणाल खेमू ने अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म ‘मडगांव एक्सप्रेस’ को लेकर दो पोस्ट की हैं। एक में उन्होंने फिल्म से जुड़ी कुछ तस्वीरें साझा की हैं, जबकि दूसरी पोस्ट में उन्होंने फिल्म का एक बीटीएस वीडियो साझा किया है। तस्वीरों को साझा करते हुए कुणाल ने कैप्शन में लिखा, “जन्मदिन मुबारक हो 'मडगांव एक्सप्रेस', एक साल हो गया। और भी कहानियां सुनानी जरूरी हैं। खासकर तब जब मैंने अपनी अगली कहानी पूरी लिख ली है, इसको लेकर जल्द ही और जानकारी दूंगा। तब तक के लिए मडगांव एक्सप्रेस का हिस्सा रहे आप सभी लोगों का बहुत-बहुत आभार।”
विज्ञापन विज्ञापन
यह खबर भी पढ़ें: इन फिल्मों में वकीलों की बहस से हिल गए दर्शक, देखें कोर्ट रूम ड्रामा फिल्मों की लिस्ट
साझा किया फिल्म से जुड़ा बीटीएस वीडियो
अपनी अगली पोस्ट में कुणाल खेमू ने फिल्म ‘मडगांव एक्सप्रेस’ का एक बीटीएस वीडियो भी साझा किया। इस वीडियो को साझा करते हुए कुणाल ने लिखा, “यह कितना मजेदार सफर था। फिल्म से जुड़े कुछ बीटीएस साझा कर रहा हूं। ‘मडगांव एक्सप्रेस’ ने एक साल पूरा कर लिया है और मैं एक खुश व गौरवान्वित पिता की तरह महसूस कर रहा हूं।
यह खबर भी पढ़ें: Ektaa Kapoor: एकता कपूर ने फैंस पर फोड़ा कई फिल्मों के फ्लॉप होने का ठीकरा, बोलीं- दर्शक ही जिम्मेदार हैं...
इन कलाकारों से सजी है फिल्म
फिल्म ‘मडगांव एक्सप्रेस’ की बात करें तो पिछले साल रिलीज हुई इस कॉमेडी फिल्म में प्रतीक गांधी, दिव्येंदु शर्मा, अविनाश तिवारी और नोरा फतेही अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए थे। फिल्म की कहानी गोव पर आधारित है।