Farhan Akhtar: ‘नसीरुद्दीन शाह नहीं करते मेरा सम्मान’, नसीर के पुराने कमेंट पर फरहान ने दी प्रतिक्रिया
Farhan Akhtar On Naseeruddin Shah: फरहान अख्तर ने नसीरुद्दीन शाह के लगभग 12 साल पहले किए गए एक कमेंट पर अब प्रतिक्रिया दी है। अभिनेता ने बताया कि उन्होंने किस वजह से नसीर से नहीं की बात।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अभिनेता और फिल्ममेकर फरहान अख्तर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘120 बहादुर’ को लेकर चर्चाओं में बने हुए हैं। इस बीच अब फरहान अख्तर का कहना है कि दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह उनका सम्मान नहीं करते हैं। फरहान ने यह बात नसीरुद्दीन शाह की 12 साल पहले उनकी फिल्मों को लेकर की गई एक टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कही है।
फरहान बोले- जरूरत महसूस नहीं हुई
दरअसल, फिल्म ‘जिंदगी ना मिलेगा दोबारा’ में एक साथ काम कर चुके अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने एक बार कहा था कि वह फरहान अख्तर की एक्टिंग के फैन नहीं हैं। अब गलाटा प्लस के सात बातचीत के दौरान फरहान अख्तर ने नसीरुद्दीन शाह की इन टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया दी है। फरहान से जब पूछा गया कि क्या इसके बाद उन्होंने नसीरुद्दीन शाह से बात की। इस पर अभिनेता ने कहा कि मुझे इसकी जरूरत महसूस नहीं हुई।
अगर मुझे किसी में सुधार करना है तो मैं उसे कॉल करूंगा
अपनी बात को आगे जारी रखते हुए फरहान अख्तर ने कहा कि मैं 25 साल से फिल्में कर रहा हूं। कुछ अभिनेता, निर्देशक और लेखक ऐसे हैं जिन्हें मैं जानता हूं और उन्होंने मुझसे शायद 10 साल बाद डेब्यू किया है। अगर उनके काम में मुझे मेरे हिसाब से कुछ ऐसा लगता है जो मुझे लगता है कि बेहतर हो सकता है या मैं उन्हें कोई सलाह दे सकता हूं, तो मैं सच में फोन उठाकर उन्हें कॉल करूंगा। क्योंकि आप किसी के क्रिएटिव एरिया में जा रहे होते हैं और अपने नजरिए से उन्हें एक क्रिएटिव फीडबैक दे रहे होते हैं।
जो मेरा सम्मान नहीं करता, मैं उससे बात क्यों करूं
फरहान का ऐसा मानना है कि किसी को अगर कोई फीडबैक देना है, तो सही तरीके से और सम्मान से देना चाहिए। हालांकि, उनका मानना है कि उनके साथ वैसा नहीं हुआ, यानी नसीरुद्दीन शाह ने उन्हें सम्मान से फीडबैक नहीं दिया। फरहान ने कहा कि मुझे लगा कि उनकी तरफ से मेरे लिए यह सही तरीके से सम्मान के नहीं आया। मुझे लगा कि यह बस सार्वजनिक रूप से दिया गया एक बयान जैसा था। जिससे मुझे लगा कि यह व्यक्ति आपका सम्मान नहीं करता, तो मैं ऐसे व्यक्ति से संपर्क क्यों करूं जो मेरा सम्मान नहीं करता?
मुझसे सीधे बात कर सकते थे नसीरुद्दीन शाह
आगे नसीरुद्दीन शाह के साथ अपने पारिवारिक संबंधों के बारे में बात करते हुए फरहान अख्तर ने कहा कि प्रोफेशन और पर्सनल संबंधों को देखते हुए वो मुझसे आसानी से बात कर सकते थे। मेरे लिए यह बिल्कुल स्पष्ट था कि अगर उन्हें सचमुच ऐसा लगता कि वह मेरे पिता, शबाना, मेरी मां और मुझे जानते हैं। हमने ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ में साथ काम किया है, तो उनके लिए यह कहना सबसे आसान होता कि मैं आपसे बात करना चाहता हूं, आप क्यों नहीं आते।
यह खबर भी पढ़ेंः Prabhas: प्रभास की फिल्म ‘द राजा साब’ के मेकर्स ने तोड़ी चुप्पी, वर्कर्स की सैलरी से जुड़े आरोपों पर दिया जवाब
नसीरुद्दीन शाह ने कही थी यह बात
फरहान ने नसीरुद्दीन शाह की जिस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी है, वो टिप्पणी तकरीब 12 साल पहले साल 2013 में एक इंटरव्यू के दौरान नसीरुद्दीन शाह ने की थी। उस वक्त टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में नसीर साहब ने कहा था कि फरहान अख्तर की फिल्में मुझे बिल्कुल पसंद नहीं हैं। हालांकि, मुझे उनकी पहली फिल्म ‘दिल चाहता है’ बहुत पसंद आई थी।
वह एक बेहतरीन इंसान हैं और उनके अंदर कई खूबियां हैं। कल मुझे आश्चर्य नहीं होगा अगर मैं सुनूं कि उन्होंने दस तरह का खाना बहुत ही बेहतरीन तरीके से पकाया है। वह गाते हैं, अभिनय करते हैं, फिल्में बनाते हैं और लिखते भी हैं। मुझे लगता है कि वह जो कुछ भी कर रहे हैं, वह बहुत अच्छा है। मैं उनके अभिनय या उनकी फिल्मों का बहुत बड़ा फैन नहीं हूं। लेकिन मैं उनकी तारीफ करता हूं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो फरहान अख्तर जल्द ही ‘120 बहादुर’ नाम की फिल्म में नजर आएंगे। भारत-चाइना युद्ध के दौरान असल घटनाओं पर आधारित यह फिल्म 21 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में फरहान अख्तर के साथ राशी खन्ना भी प्रमुख भूमिका में नजर आएंगी।