Ek Din Box Office: कैसी रही 'एक दिन' की शुरुआत? जुनैद खान और साई पल्लवी की फिल्म ने पहले दिन कमाए इतने
Ek Din Day 1 Collection: जुनैद खान और साई पल्लवी अभिनीत फिल्म 'एक दिन' आज शुक्रवार को रिलीज हो गई है। पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म की बोहनी कैसी रही? जानिए
विस्तार
आमिर खान के बेटे एक्टर जुनैद खान की मूवी 'एक दिन' ने सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है। इसमें उनके अपोजिट साई पल्लवी हैं। आमिर खान फिल्म के निर्माता हैं। बीते कई दिनों से आमिर खान जोर-शोर से फिल्म के प्रमोशन में जुटे थे। अब जब फिल्म दर्शकों तक पहुंच गई है तो इसका खाता कैसा खुला है? पढ़िए बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट
'एक दिन' का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
फिल्म 'एक दिन' की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर सुस्त रही है। पहले दिन इस फिल्म ने एक करोड़ रुपये का कलेक्शन भी नहीं जुटा पाया है। सैकनिल्क के मुताबिक इस फिल्म ने पहले दिन 81 लाख रुपये का कलेक्शन किया है। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसका बजट करीब 15-16 करोड़ रुपये है।
औसत से भी कम रही बोहनी
बजट के हिसाब से देखें तो भी फिल्म की पहले दिन की कमाई औसत से भी कम हैं। अगर कोई फिल्म पहले दिन बजट का दस फीसदी कमा लेती है तब इसे औसत माना जाता है। 20 फीसदी को अच्छा कलेक्शन माना जाता है और इससे अधिक को फिल्म के बेहतर भविष्य का संकेत समझा जा सकता है। 'एक दिन' को लंबी पारी खेलने के लिए डेढ़ करोड़ से अधिक की ओपनिंग की जरूरत है।
आसान नहीं सफर, मुकाबले में ये फिल्में
फिल्म 'एक दिन' के लिए बॉक्स ऑफिस पर खुद को साबित करने का सफर आसान नहीं है, इसके साथ कई सारी फिल्मों ने दस्तक दी है। सबसे ज्यादा चर्चा रितेश देशमुख की 'राजा शिवाजी' की है। वहीं, हॉरर फिल्म 'भूत बंगला' पहले से लगी है। इसके अलावा 'केडी' और 'कारा' भी मुकाबले में हैं। साथ ही फिल्म 'माइकल' भी अच्छा प्रदर्शन कर रही है। बता दें कि 'राजा शिवाजी' ने आज पहले दिन 8.52 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली है। हिंदी पट्टी में फिल्म ने 2.02 करोड़ रुपये कमाए हैं।
फिल्म 'एक दिन' के बारे में
फिल्म 'एक दिन' का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है। इसे आमिर खान , मंसूर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है। जुनैद के अलावा इसमें कुणाल कपूर भी अहम भूमिका में हैं। क्रिटिक्स से फिल्म को मिलाजुला रिएक्शन मिला है। यह एक रोमांटिक लव स्टोरी फिल्म है। 'एक दिन' साल 2016 की थाई फिल्म 'वन डे' का हिंदी रीमेक है।