नहीं टली जी सिने अवार्ड्स की तारीख, बिना दर्शकों के चारों तरफ बंद स्टेज पर शुक्रवार को होगा समारोह
भारत के पड़ोसी देश चीन से उपजी महामारी कोरोनावायरस के चलते फिल्मों की रिलीज टल रही हैं। सिनेमाघर बंद हो रहे हैं। मध्य प्रदेश में होने वाला आइफा पुरस्कार समारोह भी स्थगित हो गया है। लेकिन, इस साल का जी सिने अवार्ड्स शुक्रवार को अपनी तय तारीख पर ही आयोजित होने जा रहा है। हालांकि, कोरोनो के खतरे को देखते हुए इस बार ये पुरस्कार समारोह बिना दर्शकों के होगा।
जी समूह की तरफ से जारी किए गए एक बयान में जानकारी दी गई है कि इस बार के जी सिने अवार्ड्स समारोह को आम दर्शकों से दूर रखा है। चैनल ने कहा है, 'हर साल टिकट खरीदकर समारोह का हिस्सा बनने वाले दर्शक इस बार समारोह को नहीं देख पाएंगे। यह समारोह उन्हें सिर्फ टीवी पर ही देखने मिलेगा। इसका प्रसारण जी टीवी और जी सिनेमा पर संयुक्त रूप से 28 मार्च को किया जाएगा। जो लोग इस समारोह की टिकट पहले से ही खरीद चुके हैं, उन्हें बहुत ही जल्द उनके पैसे वापस कर दिए जाएंगे।'
जी सिने अवार्ड्स भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में से एक है। यह अवार्ड हर साल की सबसे ज्यादा प्रतिभावान कलाओं का सम्मान करता है। इस साल का समारोह मीडिया और आम दर्शकों की मौजूदगी न होने से थोड़ा फीका होने वाला है। बताया ये भी जा रहा है कि कोरोना के कारण कई सिने कलाकारों ने समारोह का हिस्सा बनने से मना कर दिया है इसलिए आयोजकों ने मीडिया और आम दर्शकों को इस समारोह से दूर रखा है। इस समारोह को आमतौर से एक खुले मैदान में भव्यता से ही किए जाने की परंपरा रही है। लेकिन इस बार समारोह का आयोजन मुंबई के एमएमआरडीए मैदान में एक चारों तरफ से बंद स्टेज पर ही कराने का फैसला किया गया है।