क्या 'थामा' से पटरी पर लौटेगा आयुष्मान खुराना का करियर? एक्टर के करियर पर एक्सपर्ट्स ने दी यह राय
Ayushmann Khurrana in Thamma: आयुष्मान खुराना दो साल के लंबे इंतजार के बाद ‘थामा’ से बड़े पर्दे पर वापसी करने को तैयार हैं। फिल्म में उनके साथ रश्मिका मंदाना और नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी नजर आएंगे। पढ़ें आयुष्मान के करियर से जुड़ी यह रिपोर्ट...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
2020 के बाद से ही आयुष्मान खुराना का करियर बड़ा उतार-चढ़ाव वाला रहा। 2023 में आई 'ड्रीम गर्ल 2' बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में आयुष्मान ने कोई बड़ी हिट नहीं दी। अब दिवाली रिलीज ‘थामा’ को समीक्षक आयुष्मान का रीसेट मूमेंट मान रहे हैं।
कोरोना के बाद से धीमा हुआ करियर
आयुष्मान ने हमेशा कमर्शियल सिनेमा और कंटेंट-ड्रिवन फिल्मों के बीच तालमेल बनाए रखा। 2017 से 2019 के बीच उन्होंने 'अंधाधुंध', 'बधाई हो', 'आर्टिकल 15' और 'बाला' जैसी हिट फिल्में दीं। लेकिन महामारी के बाद स्थिति बदल गई। 2020 से 2022 के बीच आयुष्मान की अधिकांश फिल्में औसत या फ्लॉप रहीं। इनमें ‘शुभ मंगल ज्यादा सावधान’, ‘गुलाबो सिताबो’, ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’, ‘अनेक’, ‘डॉक्टर जी’ और ‘एन एक्शन हीरो’ जैसी फिल्में शामिल रहीं।
एक्सपर्ट्स की राय
‘थामा’ का समय और जॉनर आयुष्मान के लिए सही: सुमित
आयुष्मान के करियर ग्राफ पर ट्रेड एनालिस्ट सुमित कडेल ने अमर उजाला से बात करते हुए कहा, 'महामारी का सबसे बड़ा असर आयुष्मान पर पड़ा। पिछले पांच साल में सिर्फ 'ड्रीम गर्ल 2' हिट रही। 'शुभ मंगल ज्यादा सावधान' औसत रही, लेकिन बाकी फिल्में फ्लॉप रहीं। इन फ्लॉप फिल्मों के बावजूद उनका फैन-बेस मजबूत रहा। अब 'थामा' का समय और जॉनर दोनों उनके लिए सही हैं। साथ ही दिवाली पर रिलीज का भी फायदा मिलेगा। यह फिल्म उन्हें थिएटर में दोबारा पकड़ मजबूत करने में मदद कर सकती है।'
सही कहानी का किया इंतजार: गिरीश वानखेड़े
ट्रेड और मार्केटिंग एक्सपर्ट गिरीश वानखेड़े मानते हैं कि आयुष्मान की खामोशी रणनीति का हिस्सा थी। वो कभी गायब नहीं हुए। ‘ड्रीम गर्ल 2’ के बाद भले ही उन्होंने फिल्मों से थोड़ा ब्रेक लिया हो, लेकिन विज्ञापनों, इवेंट्स और मीडिया के जरिए लगातार नजर में रहे। कभी-कभी कम दिखना भी स्टार के लिए फायदेमंद होता है। कुछ फिल्मों के फ्लॉप होने के बाद उन्होंने जल्दबाजी में प्रोजेक्ट नहीं चुना। उन्होंने सही कहानी और भरोसेमंद प्रोडक्शन टीम का इंतजार किया। लंबे करियर के लिए लगातार फिल्में नहीं, बल्कि मजबूत स्क्रिप्ट और सही सहयोगी जरूरी होते हैं।'
मजबूत हैं आयुष्मान के आगामी प्रोजेक्ट्स
आयुष्मान के आगामी प्रोजेक्ट्स की बात करें तो 'थामा' के अलावा वो सूरज बड़जात्या की एक फिल्म कर रहे हैं। साथ ही सारा अली खान के साथ एक जासूसी कॉमेडी में नजर आएंगे। इसके बाद भूषण कुमार और जुनो चोपड़ा की कॉमेडी फिल्म में उनका अलग अंदाज देखने को मिलेगा। सही स्क्रिप्ट, मजबूत प्रोडक्शन और समझदारी भरी रिलीज रणनीति के साथ वह फिर से अपनी जगह बना सकते हैं।