संगीतकार एआर रहमान के विवादित बयान पर वहीदा रहमान की प्रतिक्रिया, बोलीं- ‘किस पर विश्वास करें….’
AR Rahman Controversial Statement Row: पिछले दिनों संगीतकार रहमान ने बॉलीवुड पर सांप्रदायिक रूप से प्रभावित होने का आरोप लगाया था। इस टिप्पणी पर इंडस्ट्री के लोगों ने भी रिएक्शन दिया था। अब लीजेंड एक्ट्रेस वहीदा रहमान ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है।
विस्तार
पिछले दिनों बाॅलीवुड के मशहूर संगीतकार एआर रहमान एक बड़े विवाद में घिर गए। उन्होंने बॉलीवुड को लेकर एक विवादित की। रहमान ने बॉलीवुड पर सांप्रदायिकता से प्रभावित होने की बात कही। यह बात उन्होंने बीबीसी एशियन नेटवर्क को दिए गए इंटरव्यू में कही। इसके बाद बॉलीवुड के कई सेलेब्स ने उनकी बात का विरोध किया, वहीं कुछ लोग समर्थन में भी दिखे। हाल ही में वहीदा रहमान ने भी एआर रहमान की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी है।
एआर रहमान की टिप्पणी पर क्या बोलीं वहीदा?
हाल ही में स्क्रीन से की गई बातचीत में बॉलीवुड की दिग्गज अदाकारा वहीदा रहमान ने एआर रहमान की टिप्पणी को लेकर अपना नजरिया बयां किया। वह कहती हैं, ‘किस पर विश्वास करें और कितना विश्वास करें? यह सच भी है या नहीं। हमें इसमें क्यों पड़ना चाहिए? कम से कम अपनी उम्र में मैं ऐसी किसी भी चीज में शामिल नहीं होना चाहती हूं। शांति से रहो। यह मुल्क है हमारा, बस खुश रहो।’
ये खबर भी पढ़ें: 'ऐसी बातें उन्हें शोभा नहीं देतीं'; इंडस्ट्री पर एआर रहमान की विवादित टिप्पणी पर तसलीमा नसरीन ने दिया रिएक्शन
क्यों एक वक्त के बाद बॉलीवुड में काम नहीं मिलता?
वहीदा रहमान आगे कहती हैं, ‘काम तो ऊपर-नीचे होता ही रहता है। एक उम्र के बाद लोग कहते हैं कि किसी नए या अलग इंसान को लाओ। इन सब वजहों से कुछ लोग पीछे रह जाते हैं। माना कुछ लोग ऊंचाई पर पहुंचते हैं लेकिन वह हमेशा वहीं रहेंगे, तो ऐसा नहीं होता है।’