'द लास्ट टेनेंट' को पहली बार देखकर भावुक हुईं विद्या बालन, शेयर किया खास पोस्ट; इरफान खान को किया याद
Irrfan Khan Vidya Balan The Last Tenant: आखिरकार, विद्या बालन ने पहली बार अपनी फिल्म 'द लास्ट टेनेंट' देख ली है। इस फिल्म में दिवंगत अभिनेता इरफान खान को देखकर विद्या भावुक हो गईं। विद्या ने इरफान के लिए एक खास पोस्ट शेयर किया है।
विस्तार
विद्या बालन ने हाल ही में 25 साल पुरानी फिल्म 'द लास्ट टेनेंट' देखी और फिल्म देखकर वे बहुत भावुक हो गईं। यह फिल्म दिवंगत अभिनेता इरफान खान के साथ उनकी पहली फिल्म थी। 25 साल पहले दोनों ने इस फिल्म में साथ काम किया था, लेकिन किसी कारण से यह फिल्म रिलीज नहीं हो पाई। अब 25 साल बाद यह फिल्म यूट्यूब पर रिलीज होने जा रही है।
क्यों भावुक हुईं विद्या बालन
विद्या बालन ने कल रात फिल्म 'द लास्ट टेनेंट' को पहली बार देखा। फिल्म देखते समय उन्हें पुरानी यादें ताजा हो गईं। उन्होंने एक वीडियो क्लिप इंस्टाग्राम पर शेयर किया। इसके साथ ही उन्होंने कैप्शन में लिखा, 'मैंने कल रात 'द लास्ट टेनेंट' पहली बार देखी। 25 साल पहले इसकी शूटिंग हुई थी, लेकिन फिल्म रिलीज नहीं हुई थी। उस समय मेरे साथ कई फिल्में शुरू हुईं और बंद हो गईं। मैंने इस फिल्म को भी भुला दिया था।'
विद्या ने आगे लिखा, 'पिछले हफ्ते निर्देशक सार्थक दासगुप्ता का मैसेज आया कि फिल्म यूट्यूब पर रिलीज हो रही है। तब मुझे याद आया कि शूटिंग के समय मैंने अपनी बहन प्रिया को फोन करके खुशी-खुशी बताया था कि मैं इरफान खान के साथ काम कर रही हूं।'
विद्या ने इरफान के लिए लिखी खास बात
विद्या ने आगे लिखा 'इरफान सबसे स्वाभाविक अभिनेता थे। कल रात भी मुझे यही लगा। इरफान के जाने के बाद मुझे अफसोस है कि हम और कुछ फिल्में साथ नहीं कर पाए, लेकिन अब कम से कम यह फिल्म तो है। धन्यवाद सार्थक दासगुप्ता। मेरे प्यारे मकर राशि वाले दोस्त इरफान, हमारे सितारे 25 साल बाद आखिरकार साथ आ गए।'
विद्या बालन का वर्कफ्रंट
विद्या बालन ने हाल ही में अपनी आगामी फिल्म का पहला शेड्यूल पूरा किया है। इस फिल्म में विद्या के साथ अक्षय कुमार नजर आएंगे। विद्या को इन दिनों फिल्म 'राजा शिवाजी' में देखा गया है, जो 1 मई को रिलीज हुई थी। फिल्म 'द लास्ट टेनेंट' अब जल्द ही यूट्यूब पर उपलब्ध होगी।