ओटीटी से ‘सतलुज’ को हटाने में केंद्र की भूमिका नहीं, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने साफ की स्थिति
Movie Satluj Controversy: हाल में ओटीटी से दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ को हटा दिया गया। इसके बाद फिल्म को लेकर बहस और विवाद खड़ा हो गया। इस फिल्म को लेकर केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने भी एक बड़ा बयान दिया है। जानिए, फिल्म को लेकर वह क्या बोले?
विस्तार
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने बुधवार को मीडिया से बातचीत करते हुए विपक्षी दलों के कुछ नेताओं के आरोप का खड़न किया। इन आरोपों में कहा गया था कि ओटीटी से फिल्म ‘सतलुज’ को हटाने में बीजेपी या केंद्र सरकार का हाथ है। रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि इस मामले को सही संदर्भ में समझना जरूरी है।
केंद्र की फिल्म को ओटीटी से हटाने में कोई भूमिका नहीं
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह के पोते हैं, जिनकी 1995 में हत्या कर दी गई थी। इस वक्त रवनीत सिंह बिट्टू रेल राज्य मंत्री हैं। उन्होंने फिरोजपुर डिवीजन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का दौरा किया था, इसे नया रूप दिया गया है। वहीं पर पत्रकारों से बात की। पीटीआई के मुताबिक इस बातचीत में वह कहते हैं, ‘फिल्मों से जुड़े सरकारी सर्टिफिकेशन और रेगुलेटरी नियम मुख्य रूप से सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली फिल्मों पर लागू होते हैं, जबकि सैटेलाइट टेलीविजन और केबल ब्रॉडकास्ट अलग-अलग कानूनी और रेगुलेटरी नियमों के तहत आते हैं। इसलिए जी5 से ‘सतलुज’ को हटाने के लिए बीजेपी या केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराने का कोई तथ्यात्मक या कानूनी आधार नहीं है।’
पंजाब के इतिहास को ऐतिहासिक संदर्भ से देखना होगा
वह आगे कहते हैं, ‘फिल्म में दिखाई गई घटनाएं उस समय की हैं, जब पंजाब और केंद्र सरकार, दोनों जगह कांग्रेस पार्टी की सरकार थी। इसलिए फिल्म या उस दौर के चित्रण से जुड़ी बातों के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराने की कोई भी कोशिश राजनीतिक मकसद से प्रेरित है और तथ्यों के आधार पर गलत है।’
रवनीत सिंह बिट्टू ने आगे कहा, ‘उग्रवाद का कोई धर्म नहीं होता और हिंसा को कभी भी महिमामंडित नहीं किया जाना चाहिए या किसी समुदाय या आस्था से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। पंजाब के इतिहास को चुनिंदा कहानियों या राजनीतिक प्रचार के बजाय तथ्यों, सत्यापित रिकॉर्ड और ऐतिहासिक संदर्भ के जरिए देखा जाना चाहिए।’
क्यों विवाद में आई फिल्म ‘सतलुज’
दिलजीत दोसांझ ने 'पंजाब95' नाम से एक फिल्म की थी, जो सेंसर बोर्ड के पास तीन साल तक अटकी रही। फिर 'सतलुज' नाम से शुक्रवार को ओटीटी पर रिलीज हुई। लेकिन दो दिन बाद इसे ओटीटी प्लेफॉर्म से हटा दिया गया। सरकार ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए फिल्म को ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटाने को कहा। अब इसके कंटेंट की जांच भी की जाएगी।
क्या है फिल्म की कहानी?
हनी त्रेहान की निर्देशित फिल्म ‘सतलुज’ पंजाब के एक्टिविस्ट जसवंत सिंह खालरा के जीवन पर आधारित है। बता दें कि जसवंत सिंह ने 1984 से 1994 के बीच पंजाब में हजारों अज्ञात शवों के अंतिम संस्कार की जांच की थी। 1995 में उनका अपहरण कर लिया गया था और उसके बाद वे कभी नहीं दिखे। फिल्म में दिलजीत दोसांझ ने जसवंत सिंह खालरा का किरदार निभाया है।
इस फिल्म की कहानी देखकर फैंस के रोंगटे खड़े हो गए थे। फिल्म में दिलजीत के अलावा अर्जुन रामपाल, कंवलजीत सिंह, सुविंदर विक्की और गीतिका विद्या ओहल्यान जैसे कलाकार अहम किरदारों में नजर आए हैं।