The Kashmir Files: सेट पर इस एक सीन के बाद फूट-फूटकर रोए थे विवेक अग्निहोत्री, वीडियो शेयर कर निर्देशक ने कही ये बात
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
निर्देशक विवेक अग्निहोत्री ने अपनी फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' में कश्मीरी पंडितों के नरसंहार को दिखाया है। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया। लेकिन एक सच्चाई ये भी है कि फिल्म में कई ऐसे सीन्स हैं, जिन्हें देखने के बाद दर्शकों की आंखें नम हो गईं। वहीं, फिल्म रिलीज होने के इतने समय बाद अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें शूटिंग के दौरान विवेक अग्निहोत्री समेत कई स्टार्स सेट पर ही रोते हुए दिखे हैं।
दरअसल, अनुपम खेर ने ट्विटर पर 'द कश्मीर फाइल्स' का बीटीएस वीडियो शेयर किया है। ये वीडियो उस सीन का है, जब पुष्कर नाथ (अनुपम खेर) कश्मीरी पंडितों के लिए कश्मीर में आर्टिकल 370 की मांग करते-करते आखिरी सांस लेते हैं। उनके चेहरे के एक्सप्रेशन देखकर विवेक अग्निहोत्री तक भावुक हो जाते हैं। वीडियो में वह भी आगे फूट-फूटकर रोते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस मौके पर विवेक अग्निहोत्री अनुपम खेर के गले मिल जाते हैं और अपने आंसू रोक नहीं पाते।
जब सिनेमा की सच्चाई ज़िंदगी की सच्चाई जैसी बन जाती है तो आंसूऔ का सैलाब रुकने का नाम नहीं लेता। #TheKashmirFiles में पुष्करनाथ की #DeathScene के बाद @vivekagnihotri @DarshanKumaar और मैं फूट फूट कर रोये थे! ये रहा उस शॉट के बाद का विडीओ! 💔 #WhenReelBecomesReal #KashmiriHindus pic.twitter.com/Wk4k9GdvyI
— Anupam Kher (@AnupamPKher) April 1, 2022
इस वीडियो को शेयर करते हुए अनुपम खेर ने लिखा, 'जब सिनेमा की सच्चाई जिंदगी की सच्चाई बन जाती है तब आंसूओं के सैलाब रुकने का नाम नहीं लेते। द कश्मीर फाइल्स में पुष्कर के डेथ सीन पर विवेक अग्निहोत्री, दर्शन कुमार और मैं फूट-फूट कर रोए थे। ये रहा उस शॉट का वीडियो।'
ये वीडियो विवेक अग्निहोत्री ने भी सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, '2004 में जब मेरी मां की मृत्यु हुई, तब मैं नहीं रोया था। जब 2008 में मेरे पिता की मृत्यु हुई, तब भी मैं नहीं रोया था। लेकिन जब मैंने इस डेथ सीन को अनुपम खेर के साथ शूट किया तो मैं खुद को रोक नहीं पाया, हमारे कश्मीरी हिंदू माता-पिता के दर्द की संवेदनशीलता ऐसी है कि कोई बेटा खुद को नहीं रोक पाएगा।'
'द कश्मीर फाइल्स' 11 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में अनुपम खेर के अलावा, पल्लवी जोशी, दर्शन कुमार, मिथुन चक्रवर्ती जैसे कलाकार नजर आए थे। फिल्म को रिलीज हुए 22 दिन हो गए हैं और अब तक ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है। 'द कश्मीर फाइल्स' ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अब तक 238.72 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है और फिल्म की कमाई अभी रुकने का नाम नहीं ले रही है।