सुशांत सिंह राजपूत मामला: रिया चक्रवर्ती के वकील बोले, 'बिहार सरकार नहीं कर सकती सीबीआई जांच की सिफारिश'
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। दिवंगत अभिनेता के पिता ने रिया चक्रवर्ती के खिलाफ पटना में एफआईआर दर्ज करवाई थी। साथ ही बिहार सरकार सुशांत सिंह राजपूत की मौत की जांच सीबीआई से करवाने के लिए कह रही है। अब इस मामले में रिया चक्रवर्ती के वकील ने कहा है कि बिहार सरकार सीबीआई जांच की मांग नहीं कर सकती है। अभिनेत्री के वकील के अनुसार बिहार सरकार की मांग कानूनी तौर पर गलत है।
दरअसल सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह ने मंगलवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की और अपने बेटे की मौत सीबीआई जांच करवाने का अनुरोध किया। सुशांत सिंह राजपूत के पिता से मिलने के बाद नीतीश कुमार ने कहा है, 'मेरी बात सुशांत सिंह राजपूत के पिता से हुई। उन्होंने अपने बेटे की मौत की सीबीआई जांच करवाने की मांग की है। उनकी मांग के आधार पर बिहार सरकार, सीबीआई जांच की सिफारिश करेगी।' बिहार सरकार की इस सिफारिश पर अब रिया चक्रवर्ती के वकील सतीश मानेशिंदे का कहना है कि बिहार सरकार की सीबीआई जांच की सिफारिश करना कानूनी तौर पर गलत है।
सतीश ने कहा, 'रिया चक्रवर्ती ने सुप्रीम कोर्ट में अपनी जो याचिका दायर की है उससे बिहार पुलिस का कोई लेना-देना नहीं है कि वह जांच करें। ज्यादा से ज्यादा से यह हो सकता है कि आप जीरो एफआईआर करके उसे मुंबई पुलिस को ट्रांसफर कर सकते हैं। ट्रांसफर किया जाना कानूनी तरीका है वरना इस तरह से जांच में हस्तक्षेप करके आप संघीय ढांचे के खिलाफ जा रहे हैं। यह हमारे संविधान के मूल में है जिसके कारण भारत राज्यों का संघ बना।'
There can't be transfer of a case which had no legal basis for Bihar to get involved. At most, it would be a 'Zero FIR' transferable to Mumbai Police. Transfer of a case,on which they had no jurisdiction, to CBI has no legal sanctity:
Satish Maneshinde, #RheaChakraborty's lawyer https://t.co/rHnq6zn0Pm — ANI (@ANI) August 4, 2020
गौरतलब है कि अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के खिलाफ सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह ने पटना में एफआईआर दर्ज करवाई थी। जिसमें उन्होंने सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती और उनके परिवार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
रिया चक्रवर्ती के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद बिहार पुलिस ने भी अभिनेता की मौत के मामले में जांच शुरू कर दी है। इस संदर्भ में बिहार पुलिस की एक टीम मुंबई में जांच कर रही है, लेकिन मुंबई पुलिस पर लगातार बिहार पुलिस के साथ सहयोग न करने के आरोप लग रहे हैं।
आपको बता दें कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत 14 जून को मुंबई के बांद्रा स्थिति अपने घर में मृत पाए गए थे। असमय हुई उनकी मौत ने फैंस सहित कई फिल्मी सितारों को हिलाकर रख दिया। हालांकि सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या क्यों की इस बारे में अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है, लेकिन मुंबई पुलिस ने अपनी जांच में बताया है कि वह डिप्रेशन से जूझ रहे थे। अभिनेता की मौत के मामले में मुंबई पुलिस ने कई फिल्मी हस्तियों सहित सुशांत सिंह राजपूत के करीबियों से पूछताछ की है। फिलहाल उनकी मौत की जांच मुंबई और बिहार पुलिस कर रही है।