एक्यूआई: 'क्या हालत कर दी?', पटाखे फोड़ने वालों पर भड़कीं उर्फी जावेद, वायु प्रदूषण पर बोलीं भूमि और नफीसा
- सोमवार सुबह दिल्ली के आईटीओ का एक्यूआई 406 दर्ज किया गया। यह गंभीर श्रेणी में है।
- मुंबई के खेरवाड़ी-बांद्रा ईस्ट में एक्यूआई 264 दर्ज किया गया। यह खराब स्थिति में है।
- केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वर्गीकरण के अनुसार, 0 से 50 के बीच का एक्यूआई अच्छा माना जाता है।
विस्तार
दीवाली के बाद हवा की बिगड़ती गुणवत्ता को लेकर कई लोगों ने चिंता जताई है। इसमें कई सेलेब्स भी शामिल हैं। अभिनेत्री भूमि पेडनेकर, नफीसा अली सोढ़ी और कंटेंट क्रिएटर उर्फी जावेद ने भी बढ़ते प्रदूषण पर चिंता जताई है।
सोमवार सुबह भूमि पेडनेकर ने दिवाली के बाद बढ़े प्रदूषण पर चिंता जताते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा, 'दीवाली रोशनी, प्यार, परिवार और नई शुरुआत का त्योहार है। लेकिन हर साल, जश्न के साथ-साथ कुछ चीजें भी सामने आती हैं- प्रदूषित हवा, पटाखों का कचरा, शोर और डरे हुए जानवर। पटाखों से बारीक कण और अन्य प्रदूषक तत्व निकलते हैं, जो पहले से ही खराब हवा की स्थिति को और बिगाड़ देते हैं। इसका असर सब पर एक जैसा नहीं होता। बच्चे, बुजुर्ग, सांस की बीमारी वाले लोग और जानवर इससे सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। इस साल, आइए कुछ ऐसा करें जिससे हर कोई यहां तक कि वो भी जो अपनी बात नहीं कह सकते, इस त्योहार का आनंद ले सकें।'
A post shared by Bhumi Satish Pednekkar (@bhumisatishpednekkar)
अभिनेत्री नफीसा अली सोढ़ी ने अपनी सेहत के बारे में जानकारी दी है। साथ ही, उन्होंने दिवाली के बाद दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के स्तर पर चिंता भी जताई है। लिवर कैंसर से जूझ रहीं अभिनेत्री ने बताया कि खराब हवा के बावजूद वह लगातार व्यायाम कर रही हैं। वह अपने इलाज की प्रगति जानने के लिए MRI स्कैन का इंतजार कर रही हैं। नफीसा ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह मॉर्निंग वॉक के बाद एक पार्क में नजर आ रही हैं। प्रदूषण से बचने के लिए उन्होंने मास्क पहना हुआ है।
उन्होंने पोस्ट में लिखा, 'वॉक के बाद अपने पार्क में हूं। कल दिवाली थी। दिल्ली में प्रदूषण और AQI का स्तर बहुत ज्यादा है, इसलिए मैंने मास्क पहना है। लेकिन मुझे व्यायाम जारी रखना है। कल मेरा MRI है, जिससे पता चलेगा कि 'टारगेटेड कीमोथेरेपी' के दो राउंड के बाद मेरे लिवर कैंसर की स्थिति क्या है। अगला राउंड 13 नवंबर 2026 को होना है। पर्थ में अपनी मां और भाई के साथ समय बिताने के बाद, मैं काफी सकारात्मक महसूस कर रही हूं।'
कंटेंट क्रिएटर उर्फी जावेद ने दिवाली के बाद कई शहरों में हवा की गुणवत्ता के बहुत खराब होने पर अपना गुस्सा जाहिर किया है। सोमवार 9 नवंबर को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर उर्फी ने लिखा, 'जो लोग पटाखे फोड़ रहे हैं, उन सभी को जेल में डाल देना चाहिए। बस बात खत्म। इन गंवार लोगों ने क्या हालत कर दी है?'
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक सुबह मुंबई के खेरवाड़ी-बांद्रा ईस्ट में एक्यूआई 264 दर्ज किया गया। जो कि खराब स्थित में है।
दिल्ली का एक्यूआई
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 4:20 बजे आईटीओ का एक्यूआई 406 दर्ज किया गया। यह गंभीर श्रेणी में है। वहीं शहर के कई अन्य इलाकों में हवा बहुत खराब श्रेणी में बनी रही।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के वर्गीकरण के अनुसार, 0 से 50 के बीच का एक्यूआई 'अच्छा', 51-100 'संतोषजनक', 101-200 'मध्यम', 201-300 'खराब', 301-400 'बहुत खराब' और 401-500 'गंभीर' माना जाता है।