REVA: 'रेवा' सच्ची घटना पर है आधारित, बेटियों के साथ भेदभाव के मुद्दे को उजागर करेगी शॉर्ट फिल्म
Reva The Unseen Wound: 'रेवा: द अनसीन वुंड' एक ऐसी शॉर्ट फिल्म है। यह फिल्म समाज में लड़कियों के साथ होने वाले भेदभाव के गंभीर मुद्दे को सामने लाती है।
विस्तार
निर्देशक पराग चापेकर एक शॉर्ट फिल्म लेकर आए हैं। इस फिल्म का नाम 'रेवा' है। यह फिल्म सच्ची घटना पर आधारित बताई जा रही है। इसमें रावी कौर लुबाना ने रेवा का किरदार निभाया है।
क्या है फिल्म की कहानी
एएनआई की एक खबर के फिल्म के निर्माताओं ने बताया कि यह कहानी सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। यह एक ऐसी मासूम लड़की की दर्दनाक कहानी है, जिसे उसके अपने ही परिवार ने भेदभाव की वजह से मार डाला था। कई साल बाद, एक आध्यात्मिक जुड़ाव के जरिए उसका सच सबके सामने आता है, जो न्याय और पुनर्जन्म को दर्शाता है।
दरअसल, यह फिल्म 'बेटी बचाओ, अपना भविष्य बचाओ' का एक मजबूत संदेश देती है। इसमें नर्मदा नदी को सच और न्याय के गवाह के रूप में दिखाया गया है। इस फिल्म की शूटिंग पवित्र नर्मदा नदी के किनारे की गई है।
निर्माता बलविंदर सिंह का कहना है कि 'रेवा' समाज को जगाने और भावनाओं को झकझोरने वाली फिल्म है। यह हमें याद दिलाती है कि मासूमों के साथ किया गया कोई भी गुनाह कभी छिप नहीं सकता। निर्देशक पराग चापेकर के अनुसार, यह फिल्म असल जिंदगी और आध्यात्मिकता का एक अनोखा मेल है। यह हर उस बेटी को आवाज देती है, जिसे सम्मान से जीने का पूरा हक है।
फिल्म की कास्ट
इस फिल्म के निर्देशक पराग चापेकर हैं। फिल्म का निर्माण बलविंदर सिंह और डॉ. परविंदर सिंह लुबाना ने मिलकर किया है। इस फिल्म में रश्मि गुप्ता, सागर वाही, डॉ. परविंदर लुबाना, डॉ. श्रिया यादव, संचिता भवसार, रावी कौर लुबाना, प्रावी कौर लुबाना ने अभिनय किया है।
यह भी पढ़ें: के. भाग्यराज के निधन से इंडस्ट्री सदमे में, दो दिन पहले खुशबू सुंदर की बेटी की शादी में दिखाई दिए थे निर्देशक