फिल्म शोले पर बने कई जोक्स और कॉमिक्स, आपने पढ़े?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आजकल बॉलीवुड में कई ऐसी हिट फिल्में आ रही हैं जो कामयाबी के नए रिकॉर्ड कायम कर रही हैं। कोई सबसे ज्यादा लंबे समय तक चलने वाली फिल्म बन रही हैं तो कोई कमाई के मामले में सभी पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर रही हैं। लेकिन आज से 40 साल पहले बनी फिल्म 'शोले' ने भारतीय सिनेमा के इतिहास में जो रिकॉर्ड बनाया है ये फिल्में आजतक उसके आसपास भी नहीं पहुंच पाई हैं।
15 अगस्त 1975 को रिलीज हुए इस फिल्म ने कामयाबी के कई मुकाम छुए यही कारण है कि इसके कलाकारों से लेकर इसके डायलॉग इतने मशहूर हुए की आज भी लोगों की जुबान पर इसे सुना जा सकता है। चाहे वह गब्बर के डायलॉग हो या फिर जय-वीरू के लोग आज भी इसको किसी न किसी मौके पर बोल ही देते हैं। इस फिल्म ने केवल लोगों के दिल में ही अपनी जहग नहीं बनाई बल्कि इसने कई अन्य क्षेत्रों में भी अपना प्रभाव छोड़ा है। इस फिल्म में बोले गए डायलॉग और सीन्स के आधार पर अबतक कई ऐसे जोक्स, मिमिकरी, कार्टून, एनिमेशन और कॉमिक्स बनाए जा चुके हैं जो लोगों का मनोरंजन करते हैं।
इस फिल्म की सबसे खास बात ही यही है कि इसे बार-बार किसी भी रूप में लोगों के सामने पेश करने के बाद भी लोग इससे उबते नहीं हैं बल्कि बड़े चाव से इसका आनंद लेते हैं। आज हम आपको कुछ ऐसे ही जोक्स, कार्टून, मिमिकरी, एनिमेशन और कॉमिक्स के बारे में बताएंगे जो आज भी लोगों के जहन में 'शोले' की यादें असहज ही ताजा कर देते हैं।
शोले पर बने मजेदार चुटकुले
बॉलीवुड इतिहास में अबतक की सबसे कामयाब फिल्म रही फिल्म शोले का प्रभाव आज भी सोशल मीडिया पर आसानी से देखा जा सकता है। इस पर अबतक हजारों जोक्स बन चुके हैं और लगातार बनते ही जा रहे हैं। अगर आप गूगल पर शोले से जुड़े जोक्स को खोजते हैं तो आप पाएंगे की कई तरह के जोक्स और मजाकिया किस्म के चुटकुले आपको गुदाने के लिए तैयार बैठे हैं।
आपको संता बंता तो याद होंगे ही। इन दोनों ने भी शोले पर खूब चुटकुले बनाए हैं। एक ऐसा ही चुटकुला कुछ इस तरह से हैं।
एक दिन संता और बंता अपने कुत्ते के साथ 'शोले' देखने गए। फिल्म के दौरान वीरू कहता है 'बसंती, इन कुत्तों के सामने मत नाचना।' इतने में संता गुस्सा होकर खड़ा हो गया और जोर से बोला: अरे कुत्ते का भी टिकट निकाला है मैंने, मैं भी देखता हूं की कैसे नहीं नाचेगी बसंती।
ये चुटकुले तो केवल सागर की कुछ बूंदों की तरह ही हैं। शोले पर अबतक ऐसे ही कई हजार चुटकुले बनाए जा चुके हैं और लगातार बनते ही जा रहे हैं। जो अक्सर सोशल मीडिया पर अनायास ही दिखाई दे जाते हैं।
शोले पर कॉमिक भी बना
शोले फिल्म का आज भी कितना महत्व है इस बात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसकी यादों को संजोने के लिए इसका कॉमिक अवतार भी पेश किया गया। इस कॉमिक अवतार में गब्बर को एक अहम भूमिका में दिखाया गया है इसलिए इस कॉमिक का नाम भी गब्बर के नाम पर रखा गया।
पिछले साल छापी गई इस कॉमिक में शोले के अहम किरदारों को भी शामिल किया गया जिसमें ठाकुर बलदेव सिंह (संजीव कपूर), सूरमा भोपाली (जगदीप) और सांभा (मैक मोहन) को भी शामिल किया गया है। इस कॉमिक को रमेश सिप्पी के परिवार के ही सदस्य साशा सिप्पी ने ग्राफिक इंडिया कंपनी की मदद से तैयार किया था। यह कॉमिक लोगों को खूब पसंद आई थी। इसके अलावा कई दूसरे प्रकाशकों ने भी इस पर कॉमिक छापा जो यह बताने के लिए काफी है कि आज भी शोले और इनके दमदार किरदारों के लिए लोगों के दिलों में कितना प्यार है।
इस कॉमिक के माध्यम से लोगों के बीच फिर से उसी जय, वीरु, गब्बर, बसंती और शोले के अन्य किरदारों को एक अलग रूप में पेश करने का काम किया गया। इस कॉमिक में उम्दा ग्राफिक्स का इस्तेमाल किया गया है जिससे इसके किरदार बिल्कुल सजीव जान पड़ते हैं। इस अलग तरीके के प्रयोग ने एक बार फिर शोले को अलग अंदाज में पेश करने का काम किया। इससे शोले लोगों के जहन में फिल्म के किरदारों का एक अलग रूप पेश करने का काम किया।
एनिमेशन की दुनिया में शोले का दबदबा
'कितने आदमी थे' डायलॉग के लिए मशहूर सदाबहार शोले फिल्म पर अबतक केवल चुटकुले और कॉमिक ही नहीं बनाए गए बल्कि इसके किरदारों पर कई एनिमेशन वीडियो भी बन चुके हैं। कुछ कंपनियां अपने उत्पादों के प्रचार के लिए कई ऐसे एनिमेशन वीडियो का इस्तेमाल करती हैं तो कुछ लोगों के मनोरंजन के लिए।
जिन बड़ी कंपनियों ने अपने उत्पाद के प्रचार के लिए शोले बेस्ड स्टोरी का इस्तेमाल किया उसमें व्हर्लपूल, मैक 4टी जैसी कंपनियां शामिल हैं। कई ऐसे एनिमेटेड वीडियो बनाए गए हैं जिनमें शोले के किरदारों के ऊपर अलग-अलग तरह के विज्ञापन तैयार किए गए हैं। लोग इन विज्ञापनों को बड़ी चाव से देखते हैं।
इंटरनेट पर ऐसी कई वेबसाइट्स मौजूद हैं जो कुछ शोले बेस्ड एनिमेटेड वीडियोज के माध्यम से लोगों को हंसाने का काम करते हैं। देसीमैड्स.कॉम भी एक ऐसा ही वेबसाइट है जहां शोले के कई एनिमेटेड वीडियो आपको एक ही जगह मिल जाएंगे।
शोले के किरदार और विज्ञापनों की दुनिया
शोले एक ऐसी यादगार फिल्म है जिसको बने 40 साल हो गए हैं लेकिन वो आज भी एक रोल मॉडल के तौर पर मीडिया के अन्य माध्यमों को प्रभावित करता रहा है। इसके प्रभाव से विज्ञापन जगत भी अछूता नहीं रह पाया। आपको गब्बर सिंह वह पुराना विज्ञापन तो याद होगा ही जिसमें वह 'ग्लूकोज डी' बिस्किट के प्रचार में नजर आते हैं।
इस विज्ञापन में गब्बर को ग्लूकोज डी खाते दिखाया गया है। शायद उस जमाने में ऐसा पहली बार हुआ होगा जब किसी विलेन को किसी कंपनी के उत्पाद के प्रचार में शामिल किया गया होगा। आखिर हो भी क्यों न, गब्बर का किरदार था ही इतना दमदार जिसने फिल्म के हीरो से ज्यादा नाम कमाया।
भारत में दुध की सबसे बड़ी कंपनी 'अमूल' अक्सर अपने विज्ञापनों में शोले के किरदारों का इस्तेमाल करती है। इस फिल्म की कहानी से लेकर इसकी पटकथा और डायलॉग इतने जबरदस्त थे कि उसका अबतक कोई तोड़ नहीं मिल पाया है। इस फिल्म ने एक सिनेमा जगत में एक अनोखा रिकार्ड बनाया जिसे शायद ही कोई तोड़ पाएगा।