‘अगर सूर्यवंशी शानदार क्रिकेटर न होते…’, शेखर कपूर ने वैभव सूर्यवंशी को अपनी फिल्म में लेने की जताई मंशा
Shekhar Kapur On Vaibhav Suryavanshi: शेखर कपूर ने वैभव सूर्यवंशी को अपनी फिल्म में लेने की इच्छा जताई है। जानिए शेखर ने 15 वर्षीय क्रिकेटर को लेकर क्या कुछ कहा..
विस्तार
दिग्गज फिल्ममेकर शेखर कपूर अपनी आगामी फिल्म 'मासूम: द न्यू जेनरेशन' को लेकर चर्चाओं में हैं। हाल ही में ऐसी खबरें आईं कि इस फिल्म में दिग्गज संगीतकार एआर रहमान संगीत देंगे। अब शेखर कपूर ने युवा क्रिकेटर और नई सेंसेशन वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की। साथ ही उन्होंने वैभव को अपनी फिल्म में लेने की भी मंशा जताई।
शेखर कपूर ने वैभव को लेकर किया पोस्ट
शेखर कपूर 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक बल्लेबाजी के फैन बन गए। शेखर कपूर ने आज अपने एक्स अकाउंट पर वैभव सूर्यवंशी की एक तस्वीर साझा की। इसके साथ ही उन्होंने लिखा, ‘अगर सूर्यवंशी इतने शानदार क्रिकेटर न होते, तो मैं उन्हें अपनी फिल्म 'मासूम: द न्यू जेनरेशन' में ले सकता था।’
ऐसी होगी 'मासूम: द न्यू जेनरेशन' की कहानी
'मासूम: द न्यू जेनरेशन' शेखर कपूर की ही 1983 में आई फिल्म ‘मासूम’ का सीक्वल है। 'मासूम: द न्यू जेनरेशन' आधुनिक दृष्टिकोण से पहचान, परिवार, प्यार और माइग्रेशन के बदलते विचारों को दिखाएगी। साथ ही उस इमोशनल टच को भी बरकरार रखेगी, जिसने मूल फिल्म को पीढ़ियों तक लोकप्रिय बनाया।
खबरों के अनुसार, इस फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, शबाना आजमी, मनोज बाजपेयी, नित्या मेनन और कावेरी कपूर जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिलहाल यह फिल्म प्री-प्रोडक्शन चरण में है और इस साल के अंत में इसका प्रोडक्शन शुरू होने की उम्मीद है।
वैभव सूर्यवंशी की बात करें तो, बिहार के इस युवा प्रतिभाशाली खिलाड़ी ने इस साल आईपीएल और भारत की अंडर-19 टीम में अपने प्रदर्शन से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया है। राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल 2026 में वैभव ने बेहतरीन खेल दिखाया।
वह अभी तक टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं और ऑरेंज कैप भी उन्हें के पास है। उन्होंने 237 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए, जिसमें एक शतक, कई अर्धशतक और रिकॉर्ड 72 छक्के शामिल हैं।