Emraan Hashmi: 'ग्राउंड जीरो' में किरदार निभाने के लिए इन मुश्किलों से जूझे इमरान, अभिनेता ने किए कई खुलासे
Amar Ujala Samwad 2025 Event Lucknow: अमर उजाला के दो दिवसीय वैचारिक संगम संवाद कार्यक्रम का आगाज 17 अप्रैल को लखनऊ में गोमती नगर के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुआ था। यहां अभिनेता इमरान हाशमी ने भी शिरकत की और 'ग्राउंड जीरो' में निभाए अपने किरदार को लेकर कई खुलासे किए।
विस्तार
साल 2025 का पहला अमर उजाला संवाद 17 अप्रैल को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुआ था। अमर उजाला संवाद कार्यक्रम के पहले दिन इमरान हाशमी ने अपनी फिल्म 'ग्राउंड जीरो' के निर्देशक तेजस प्रभा विजय देओस्कर भी शामिल हुए थे। इस दौरान इमरान ने 'ग्राउंड जीरो' की शूटिंग के अनुभव साझा किए थे। साथ ही यह भी खुलासा किया था कि उन्हें अपने किरदार कि तैयारियों के लिए किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा था।
इमरान ने कई चुनौतियों का किया सामना
आज फिल्म 'ग्राउंड जीरो' रिलीज हो चुकी है। फिल्म में इमरान के किरदार को काफी पसंद किया जा रहा है। इससे पहले अमर उजाला संवाद में इमरान ने खुलासा किया कि इस फिल्म में बीएसएफ कमांडेंट नरेंद्र नाथ धर दुबे का किरदार निभाने के लिए उन्हें कई चुनौतियों से गुजरना पड़ा। खास तौर पर उन्हें अपने खान-पान में बड़ा बदलाव करना पड़ा और कश्मीर की कठिन परिस्थितियों को अपने जेहन में उतारना पड़ा।
जवान के किरदार के लिए खानपान में बदलाव
इस रोल की मांग थी कि वह एक फौजी की तरह फिट और मजबूत दिखें। अमर उजाला से बातचीत में इमरान ने बताया, 'इस किरदार के लिए मुझे सबसे ज्यादा दिक्कत एक ही चीज से हुई कि मुझे ज्यादा खाना पड़ा। एक जवान का रोल करने के लिए मुझे अपनी डाइट बढ़ानी पड़ी, क्योंकि शरीर को उस तरह का बल और ऊर्जा चाहिए थी, जो एक फौजी में दिखती है।'
इमरान ने शूटिंग के लिए बदली डाइट
इमरान ने आगे बताया कि यह उनके लिए आसान नहीं था। 'मैं आमतौर पर अपनी डाइट को नियंत्रित रखता हूं, लेकिन इस किरदार के लिए मुझे महीनों तक हाई-कैलोरी डाइट लेनी पड़ी। इसमें प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट्स की मात्रा बढ़ानी पड़ी, ताकि शरीर में वह ताकत और स्टैमिना आए, जो एक बीएसएफ अधिकारी के किरदार को विश्वसनीय बनाए।' इसके साथ ही उन्होंने कठिन फिजिकल ट्रेनिंग भी की, जिसमें वेट लिफ्टिंग, कार्डियो और मिलिट्री-स्टाइल वर्कआउट शामिल थे। यह सब इसलिए जरूरी था, क्योंकि फिल्म में इमरान को एक्शन सीक्वेंस और कश्मीर की मुश्किल परिस्थितियों में शूटिंग करनी थी।
HIT 3 Song Thanu: 'हिट 3' का तीसरा गाना 'थानु' हुआ रिलीज, गाने में रोमांस की जगह दिखा धांसू एक्शन
कश्मीर की चुनौतियों को जेहन में उतारा
‘ग्राउंड जीरो’ की कहानी 2001 में भारतीय संसद हमले के मास्टरमाइंड और जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादी गाजी बाबा के खात्मे पर आधारित है। इस मिशन को बीएसएफ कमांडेंट नरेंद्र नाथ धर दुबे ने लीड किया था। इमरान ने कहा, 'कश्मीर की मुश्किलात को मुझे अपने जेहन में लाना पड़ा। यह सिर्फ एक किरदार निभाने की बात नहीं थी, बल्कि उस माहौल को समझने की थी, जिसमें हमारे जवान हर दिन काम करते हैं। कश्मीर की ठंड, ऊबड़-खाबड़ जमीन और वहां की तनावपूर्ण स्थिति को मैंने करीब से महसूस किया।'
Bhool Chuk Maaf: भूल चूक माफ का प्रमोशन करने जयपुर पहुंचे राजकुमार राव-वामिका, फैंस को दिया सरप्राइज
शूटिंग के दौरान मिली सबसे बड़ी प्रेरणा
उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान राजस्थान और कश्मीर में बीएसएफ जवानों के साथ समय बिताने से उन्हें उनके बलिदान और समर्पण को समझने में मदद मिली। इमरान ने यह भी कहा कि असल जिंदगी के हीरो नरेंद्र नाथ धर दुबे से उनकी मुलाकात ने उन्हें गहराई से प्रभावित किया। 'दुबे जी की विनम्रता और उनके कर्तव्य के प्रति समर्पण ने मुझे झकझोर दिया। उन्होंने इतना बड़ा मिशन पूरा किया, फिर भी इसे सिर्फ अपना फर्ज मानते हैं। यह मेरे लिए इस किरदार को जीने की सबसे बड़ी प्रेरणा थी।'