Liju Krishna: रेप का आरोप निर्देशक लिजू कृष्णा पर पड़ा भारी, 'पदवेट्टू' के टाइटल क्रेडिट से हटेगा नाम!
फिल्म 'पदवेट्टू' के निर्देशक लिजू कृष्णा की मुसीबतें थम नहीं रही हैं। बलात्कार के आरोपी निर्देशक का नाम 'पदवेट्टू' के टाइटल क्रेडिट से हट सकता है। बलात्कार पीड़िता ने यह मांग की है।
विस्तार
मलयालम फिल्म निर्देशक लिजू कृष्णा इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'पदवेट्टू' को लेकर चर्चा में हैं। इसके अलावा वह खुद पर लगे बलात्कार के आरोपों को लेकर भी चर्चा में हैं। इतना ही नहीं, निर्देशक पर बलात्कार का आरोप लगाने वाली पीड़िता ने यह मांग की है कि लिजू कृष्णा का नाम आगामी फिल्म के टाइटल क्रेडिट से भी हटाया जाए। बता दें कि में निविन पॉली अभिनीत फिल्म 'पदवेट्टू' के निर्देशक लिजू कृष्णा को बलात्कार के आरोप में इस साल मार्च में गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान वह कन्नूर में फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। बलात्कार पीड़िता ने आरोप लगाया था कि निर्देशक ने उसका रेप किया।
सीबीएफसी से किया संपर्क
रिपोर्ट्स के मुताबिक पीड़िता का कहना है कि कृष्णा अपनी गिरफ्तारी के तीन सप्ताह के अंदर ही जमानत पर बाहर आ गए, जबकि वह ट्रॉमा से उबरने की कोशिश में थी और लिजू कृष्णा फिल्म प्रोडक्शन के काम में व्यस्त थे। पीड़िता ने कहा है, 'क्या इस समाज में पीड़ितों के लिए जगह है? क्या किसी को पता है कि बलात्कार के बाद मेरे साथ क्या हुआ? क्या किसी ने मेरे स्वास्थ्य के बारे में पूछा? कम से कम मैं यह तो कह सकती हूं कि फिल्म के टाइटल क्रेडिट से लिजू कृष्णा नाम हटाया जाए।' पीड़िता ने यह भी कहा है, 'मैंने इसके लिए सीबीएफसी से संपर्क किया है और यहां तक कि इस मामले में अदालत का दरवाजा भी खटखटाया।"
पुलिस ने दाखिल की चार्जशीट
वहीं, इस मामले की जांच कर रही थ्रिक्काकारा पुलिस का कहना है कि यहां की एक स्थानीय अदालत में चार्जशीट दाखिल की गई है और निर्देशक के खिलाफ बलात्कार के आरोप लगाए गए हैं। वहीं, पीड़िता का कहना है, 'लिजू कृष्णा बलात्कार का आरोपी है। फिर भी वह अभी तक घूम रहा है, फिल्म बना रहा है और फिल्म के पोस्ट-प्रोडक्शन कार्यों से जुड़ा है, जैसे कि कुछ हुआ ही न हो।'
अवसाद का चल रहा उपचार
पीड़िता का कहना है कि वह अभी भी अपने अवसाद और तनाव का इलाज कर रही है और पहले भी वह खुद को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर चुकी है। दर्ज शिकायत के मुताबिक शिकायतकर्ता से सोशल मीडिया पर दोस्ती करने के बाद दो साल तक निर्देशक ने कई जगहों पर उसका कई बार यौन शोषण किया।