Padma Awards 2026: दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण, अल्का याग्निक और ममूटी को पद्म भूषण
Padma Awards 2026: गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले पद्म पुरस्कारों की घोषणा की गई है। दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। वहीं गायिका अलका याग्निक, अभिनेता ममूटी और पीयूष पांडे को पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
विस्तार
देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक पद्म पुरस्कारों की रविवार को घोषणा की गई है। बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार और दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। वहीं गायिका अलका याग्निक, अभिनेता ममूटी और पीयूष पांडे को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा एक्टर आर माधवन और प्रोसेनजीत चटर्जी को भी पद्मश्री से सम्मानित किया जाएगा।
दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र (पद्म विभूषण-मरणोपरांत)
अभिनेता धर्मेंद्र ने लगभग 6 दशक तक फिल्मों में अभिनय किया था। अपने करियर में लगभग 300 से ज्यादा फिल्में की थीं। इस दौरान उन्होंने हर तरह के किरदारों को बड़े पर्दे पर उतारा। पंजाब के एक गांव से निकलकर वह मायानगरी आए थे और अपने अभिनय से सबके दिलों में छा गए थे। पिछले साल 24 नवंबर को उनका निधन 89 साल की उम्र में हुआ। अब इस दिग्गज अभिनेता को भारत सरकार मरणोपरांत पद्म विभूषण पुरस्कार से सम्मानित करेगी।
इन कलाकारों को मिले पद्म पुरस्कार
| कलाकार | राज्य | पद्म पुरस्कार |
| अभिनेता धर्मेंद्र | मुंबई | पद्म विभूषण (मरणोपरांत) |
| गायिका अलका याग्निक | मुंबई | पद्म भूषण |
| अभिनेता ममूटी | केरल | पद्म भूषण |
| एड गुरू पीयूष पांडे | मुंबई | पद्म भूषण (मरणोपरांत) |
| अभिनेता आर माधवन | मुंबई | पद्मश्री |
| प्रोसेनजीत चटर्जी | कोलकाता | पद्मश्री |
| सतीश शाह | मुंबई | पद्मश्री (मरणोपरांत) |
| अभिनेता अनिल रस्तोगी | लखनऊ | पद्म श्री |
अलका याग्निक ने अपने संगीत करियर की शुरुआत 80 के दशक में की। हिंदी फिल्मों में एक से बढ़कर एक गाने अलका ने गाए। इस उम्दा गायिका के गानों ने कई रिकॉर्ड भी बनाए हैं। पद्म पुरस्कारों की सूची में इस उम्दा गायिका का भी नाम शामिल है। गायिका अलका याग्निक को पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
ममूटी मलयालम फिल्मों के सुपरस्टार कहे जाते हैं। इस अभिनेता ने अपने करियर में करीब 400 से अधिक फिल्में की हैं। वह किरदारों में ढल जाने वाले एक उम्दा अभिनेता है। इन्हें भी पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
आर माधवन लगभग 30 साल से हिंदी और साउथ की फिल्मों में अभिनय कर रहे हैं। अब तक बतौर कलाकार वह हर तरह के किरदार निभा चुके हैं। माधवन के निभाए कई किरदार तो दर्शकों के मन में खास जगह बना चुके हैं। इस अभिनेता को भी पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
प्रोसेनजीत चटर्जी (पद्मश्री)
बंगाली सिनेमा के चर्चित अभिनेता प्रोसेनजीत चटर्जी ने अपने अब तक के करियर में लगभग 350 से अधिक फिल्में की हैं। कुछ हिंदी फिल्मों में भी वह नजर आए हैं। पद्म पुरस्कारों की सूची में उनका नाम भी शामिल है। प्रोसेनजीत चटर्जी को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
सतीश शाह भारतीय फिल्म और टेलीविजन जगत के दिग्गज कलाकारों में शुमार थे। 'जाने भी दो यारों', 'मैं हूं ना', 'कल हो ना हो' और 'फना' समेत कई बॉलीवुड फिल्मों में कभी गंभीर तो कभी मजाकिया किरदार निभाकर सतीश शाह ने अपनी पहचान बनाई थी। पिछले साल 25 अक्तूबर को उनका निधन 74 वर्ष की उम्र में हुआ। इस दिग्गज कलाकार को भी मरणोपरांत पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
अभिनेता अनिल रस्तोगी (पद्म श्री)
लखनऊ से बिलॉन्ग करने वाले 82 साल के चर्चित कलाकार अनिल रस्तोगी थिएटर, फिल्म, टीवी, रेडियो और ओटीटी पर सक्रिय रहे हैं। कला क्षेत्र में उनके योगदान को भारत सरकार ने पहचाना है। अनिल रस्तोगी को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। अनिल रस्तोगी फिल्म ‘इश्कजादे’ में एक चर्चित किरदार निभाने के लिए भी जाने जाते हैं।