Koffee With Karan 7: सेलेब्स की निजी जिंदगी का खुलासा करने के आरोप का करण ने दिया जवाब, बोले- जो सच है वो...
करण जौहर अक्सर अपने शो 'कॉफी विद करण 7' में सेलेब्स की निजी जिंदगी से जुड़े सवाल पूछते नजर आते हैं। इसे लेकर उनकी खूब आलोचना भी होती है। हाल ही में करण जौहर ने इस पर चुप्पी तोड़ी है।
विस्तार
इन दिनों करण जौहर अपने लोकप्रिय चैट शो 'कॉफी विद करण 7' को लेकर चर्चा में हैं। इस शो के दौरान करण जौहर सेलेब्स से कई मजेदार सवाल पूछते नजर आते हैं। कई बार वह पर्सनल लाइफ से जुड़े सवाल भी धड़ल्ले से पूछते नजर आते हैं, जिसे लेकर उन्हें कई बार आलोचनाओं का शिकार होना पड़ा है। करण जौहर, सारा अली खान और कार्तिक आर्यन के रिलेशनशिप से लेकर अनन्या पांडे और ईशान खट्टर के ब्रेकअप तक पर मुखर होकर सवाल पूछते नजर आए। यहां तक कि कई बार उन्होंने सेलेब्स के रिलेशनशिप की भी पुष्टि की है।
किसी को नहीं दिक्कत!
हाल ही में एक बातचीत के दौरान इस बारे में जब करण से कहा गया कि नेटिजन्स अक्सर उन पर अपने शो के दौरान सार्वजनिक रूप से मशहूर हस्तियों की निजी जिंदगी के बारे में जानकारी लीक करने का आरोप लगाते हैं, वह भी सेलेब्स की रजामंदी के बिना। इस पर करण जौहर ने कहा कि वह तो केवल सच कहते हैं। उनका मानना है कि इस बात से किसी को कोई दिक्कत नहीं होती, क्योंकि हर कोई इसके बारे में जानता है।
'सबको पता होता है'
करण जौहर ने कहा, 'इन रिश्तों के बारे में तो सभी जानते हैं। मैं कुछ भी बनाकर नहीं बताता हूं। सभी ने उन्हें एक साथ देखा है। जो सच है वो सच है और मेरे ख्याल से इसमें किसी को कोई दिक्कत नहीं है। मैं जानता हूं कि कुछ लोग समझते हैं कि यह कोई बहुत बड़ा रहस्य खोला जा रहा है। लेकिन, हर कोई दूसरों की निजी जिंदगी के बारे में जानता है। इस बारे में जानकारी बाहर आने से उन्हें कोई दिक्कत नहीं।'
बता दें कि कॉफी विद करण के दौरान करण जौहर ने इस बात की पुष्टि की थी कि सारा और कार्तिक ने एक-दूसरे को डेट किया और फिर दोनों की राहें जुदा हो गईं। उन्होंने यह भी बताया कि अनन्या पांडे का ईशान खट्टर से ब्रेकअप हो गया और अब उन्हें आदित्य रॉय कपूर पर क्रश है। इतना ही नहीं, करण ने शो के दौरान अनन्या पांडे को रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा के रिलेशनशिप स्टेटस के बारे में हिंट देने को भी कहा था।