Kis Kisko Pyaar Karoon 2: क्या दूसरे दिन चला 'किस किसको प्यार करूं 2' का जादू? 'धुरंधर' के सामने इतनी हुई कमाई
Kis Kisko Pyaar Karoon 2 Collection: फिल्म 'किस किसको प्यार करूं 2' बीते शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। कपिल शर्मा की इस कॉमेडी फिल्म ने आज दूसरे दिन कैसा कलेक्शन किया? जानिए
विस्तार
साल 2015 में रिलीज हुई कपिल शर्मा की कॉमेडी फिल्म 'किस किसको प्यार करूं' का दूसरा पार्ट सिनेमाघरों में लगा हुआ है। यह फिल्म ऐसे वक्त में रिलीज हुई है, जब हर तरफ 'धुरंधर' का बोलबाला है। जानिए ऐसे में 'किस किसको प्यार करूं 2' ने शनिवार को कैसा कारोबार किया है।
दूसरे दिन हुआ कमाई में इजाफा
फिल्म 'किस किसको प्यार करूं 2' ने शुक्रवार को ओपनिंग डे पर 1.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन करके शुरुआत की थी। दूसरे दिन इसकी कमाई में इजाफा दर्ज हुआ है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार आज शनिवार को फिल्म ने 2.50 करोड़ रुपये कमाए हैं। दो दिनों में टोटल कलेक्शन 4.35 करोड़ रुपये हो गया है।
बजट के मुकाबले औसत प्रदर्शन
इस फिल्म का बजट मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 35 करोड़ रुपये है। बजट से तुलना करने पर ओपनिंग डे पर कमाई औसत से कम ही रही। दूसरे दिन भी इजाफा जरूर दर्ज हुआ है, मगर बजट का दस फीसदी भी यह कॉमेडी फिल्म नहीं जुटा पाई है। देखना दिलचस्प होगा कि कल तीसरे दिन रविवार की छुट्टी का इसे फायदा मिलता है या नहीं!
पहले पार्ट से कपिल शर्मा ने किया था डेब्यू
फिल्म 'किस किसको प्यार करूं' ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया था। इसी फिल्म से कपिल शर्मा ने एक्टिंग डेब्यू किया था। करीब 10 साल बाद वे इसका सीक्वल लेकर आए हैं। अनुकल्प गोस्वामी के निर्देशन में बनी फिल्म 'किस किसको प्यार करूं 2' में कपिल शर्मा के अलावा मनजोत सिंह, आयशा खान, त्रिधा चौधरी, पारुल गुलाटी, हीरा वरीना और सुशांत सिंह जैसे सितारे हैं। फिल्म को अब्बास-मस्तान, गणेश जैन और रतन जैन ने प्रोड्यूस किया है।
'धुरंधर' से मिली चुनौती
'किस किसको प्यार करूं 2' की कहानी की बात करें तो सोचिए अगर एक ही आदमी मोहन, महमूद, माइकल और मंजीत चार किरदार निभाए, चार धर्मों में अलग-अलग बीवियां रखे तो उसका हश्र क्या होगा? फिल्म की बस यही कहानी है। फिल्म में कॉमेडी भी है और इमोशंस भी हैं। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर 'धुरंधर' इसके सामने बड़ी चुनौती बनकर खड़ी है।