कमल हासन ने किया अपनी 232वीं फिल्म का एलान, इस उभरते निर्देशक को मिली फिल्म की कमान
बतौर निर्माता कमल हासन ने अपनी अगली फिल्म का एलान कर दिया है। फिल्म में वह खुद भी बतौर अभिनेता लीड रोल करते दिखेंगे। फिल्म का निर्देशन उन्होंने एक ऐसे निर्देशक को सौंपा है जिन्हें कमल हासन का फैन ब्वॉय कहलाने में गर्व है। फिल्म का फिलहाल नाम ‘केएच 232’ रखा गया है।
जेम्स बॉन्ड सीरीज के नाम जब से उनकी प्रोजेक्ट संख्या के नाम पर रखने शुरू किए गए, ये चलन देश विदेश हर तरफ असर दिखा रहा है। प्रभास के बाद अब कमल हासन ने अपने फिल्म का नाम बताने की बजाय ये बताने की कोशिश की है कि ये फिल्म उनके करियर की 232वीं फिल्म है। उम्मीद की जा रही है कि ये फिल्म अगले साल रिलीज हो जाएगी।
अभिनेता कमल हासन इस फिल्म में निर्देशक लोकेश कनगराज के साथ काम करने जा रहे हैं। लोकेश हमेशा से कमल हासन के प्रशंसक रहे हैं। फिल्म का संगीत निर्देशन अनिरुद्ध करने जा रहे हैं। फिल्म का निर्माण कमल हासन खुद अपने प्रोडक्शन हाउस राज कमल फिल्म इंटरनेशनल के बैनर तले करने जा रहे हैं।
कमल हासन ने चार साल की उम्र में ही अपनी पहली फिल्म 'कलाथुर कन्नम्मा' में बाल कलाकार के रूप में अपना पहला राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल किया। ये उनके करियर की 232वीं फिल्म होगी। 65 साल के हो चुके कमल हासन आखिरी बार फिल्म ‘विश्वरूपम 2’ में नजर आए थे। उनकी चर्चित फिल्म ‘इंडियन’ के सीक्वेल पर भी जल्द ही फिर से काम शुरू होने वाला है।
पढ़ें: 'बिग बॉस' का प्रोमो शूट करने नहीं पहुंचे सलमान खान, एक झलक पाने के लिए राह ताकते रहे प्रशंसक