‘जन नायकन’ के एडिटर को साउथ एडिटर एसोसिएशन ने किया निलंबित, फिल्म के ऑनलाइन लीक मामले में हुआ एक्शन
Jana Nayagan Leak Case: ‘जन नायकन’ लीक मामले में अब फिल्म के एडिटर पर शिकंजा कसा गया है। जानिए किन आरोपों के चलते साउथ एडिटिर बॉडी ने जन नायकन के एडिटर को किया निलंबित…
विस्तार
थलापति विजय की ‘जन नायकन’ की रिलीज अभी भी अटकी हुई है। फिल्म के ऑनलाइन लीक होने के मामले में अब फिल्म के एडिटर प्रदीप ई राघव को दक्षिण भारतीय फिल्म एडिटर एसोसिएशन ने निलंबित कर दिया है। उन्हें संघ के नियमों के उल्लंघन के आरोपों के बाद निलंबित किया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने ‘जन नायकन’ सहित कई फिल्मों में लापरवाही बरती है। यह आचरण ऑनलाइन फिल्म लीक से संबंधित संघ के वैधानिक नियमों का उल्लंघन है।
कई फिल्मों में लापरवाही की मिली सजा
एक आधिकारिक बयान में संघ ने कहा कि कार्यकारी समिति के सामने यह तथ्य साबित हो चुका है कि राघव ने जन नायकन सहित कई प्रोजेक्ट्स में गैर-सदस्यों को सहायक के रूप में नियुक्त करके बार-बार उसके नियमों की अवहेलना की है। संघ ने इसे अपने वैधानिक नियमों का उल्लंघन बताया है।
हालांकि, राघव लीक के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार नहीं थे, लेकिन उन्होंने स्वीकार किया है कि उनकी लापरवाही ने इस घटना में योगदान दिया। स्थिति को गंभीर बताते हुए एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि ऐसी चूकें अनियंत्रित रहीं तो फिल्म इंडस्ट्री के कामकाज के लिए एक बड़ा खतरा बन सकती हैं। इसने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने की अपनी जिम्मेदारी पर जोर दिया।
‘जन नायकन’ लीक मामले में हुईं गिरफ्तारियां
तमिलनाडु साइबर क्राइम विंग ने इस महीने की शुरुआत में ‘जन नायकन’ के ऑनलाइन लीक के संबंध में तीन प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया। इससे हाल के समय के सबसे हाई-प्रोफाइल पायरेसी मामलों में से एक पर अपनी कार्रवाई को तेज किया। फिल्म के लीक होने के मामले में जांच के बाद 15 अप्रैल को गिरफ्तारियां की गईं। यह लीक फिल्म को सीबीएफसी द्वारा मंजूरी मिलने से कुछ ही दिन पहले हुई। इस मामले में पहले ही पायरेटेड सामग्री अपलोड करने और प्रसारित करने के आरोप में छह गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
एच विनोथ द्वारा निर्देशित ‘जन नायकन’ इस साल की शुरुआत में 9 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होनी थी। लेकिन सीबीएफसी से सर्टिफिकेट न मिल पाने के चलते फिल्म अटक गई और अभी तक रिलीज नहीं हो पाई। यह राजनीति में जाने से पहले विजय की आखिरी फिल्म बताई जा रही थी। इस फिल्म में विजय के अलावा पूजा हेगड़े, बॉबी देओल और प्रकाश राज सरीखे कलाकार भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।