इंडियन आइडल 12: शनमुख प्रिया को ओमंग कुमार ने दिया लाइफटाइम ऑफर, चार मिनट में बना दिया ये स्केच
म्यूजिक रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल 12’ के इस वीकेंड प्रसारित होने वाले एपिसोड की शूटिंग के दौरान इस बार कई कमाल देखने को मिले।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
म्यूजिक रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल 12’ के इस वीकेंड प्रसारित होने वाले एपिसोड की शूटिंग के दौरान इस बार कई कमाल देखने को मिले। शो की शूटिंग पर म्यूज़िक डायरेक्टर बप्पी लहरी से अरसे बाद मुलाकात हुई। उनकी सेहत और उनका स्टाइल फर्स्ट क्लास पाकर सेट पर मौजूद लोग भी काफी खुश नजर आए। शूटिंग पर कला निर्देशक से फिल्म निर्देशक बने ओमंग कुमार भी पहुंचे। ओमंग का हाथ स्केचेज को लेकर शुरू से बहुत सधा रहा है। इस बार अपनी इस कला का प्रदर्शन ओमंग ने म्यूजिक रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल 12’ की शूटिंग के दौरान किया। इसे इस सप्ताहांत प्रसारित होने वाले शो में दर्शक भी देख सकेंगे। स्पेशल गेस्ट के रूप में पहुंचे ओमंग कुमार ने शूटिंग के दौरान ही शो की प्रतियोगी शनमुख प्रिया को सरप्राइज भी दिया और वह भी एक नहीं, बल्कि दो- दो।
शूटिंग के दौरान संगीतकार बप्पी लहरी अपने पूरे मूड में नजर आए। अपनी चिर परिचित सोने की जंजीरों से सजे बप्पी लहरी के बनाए तमाम सुपरहिट गानों पर म्यूजिक रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल 12’ के प्रतिभागियों ने शानदार प्रस्तुतियां दी। इस दौरान बप्पी अतीत की यादों में खो से गए। वह हर गाने की मेकिंग से जुड़े किस्से सुनाते समय बार बार भावुक हो जाते। गौरतलब है कि बप्पी लहरी ने मिथुन चक्रवर्ती की तमाम फिल्मों में सुपरहिट संगीत दिया है। और, दोनों की फिल्में ‘सुरक्षा’ और ‘डिस्को डांसर’ हिंदी सिनेमा में मील का पत्थर मानी जाती हैं।
बप्पी लहरी के बनाए गानों ‘जिमी जिमी आजा आजा’ और ‘सुपर डांसर आए हैं’ जैसे गानों पर शनमुख प्रिया की जोरदार परफॉर्मेंस पर शो में मौजूद निर्देशक ओमंग कुमार ने कहा, "मैं आपके स्टाइल और टैलेंट का कद्रदान हूं। इसी वजह से मैं एक फिल्म के लिए आपसे जुड़ना चाहता हूं ना कि सिर्फ एक गाने से। यदि यह फिल्म रिलीज ना हुई तो मैं आपके गाने लेकर फिल्म बनाऊंगा क्योंकि एक सिंगर के रूप में आप उतनी ही शानदार हैं। मुझे आपको लाइव सुनकर बहुत खुशी हुई और मैं उम्मीद करता हूं कि आपको भविष्य में गाने के लिए एक खूबसूरत गाना दे सकूं।"
इसके अलावा ओमंग ने 5 मिनट से भी कम समय में शनमुख प्रिया का स्केच बनाया और उन्हें गिफ्ट कर दिया। खुश होकर शनमुख प्रिया ने कहा, "मुझे खुशी है कि ओमंग कुमार सर ने मुझे इतने कॉम्पलीमेंट्स दिए। मेरे लिए यह बहुत बड़ी बात है कि वो भविष्य में मुझसे जुड़ना चाहते हैं। इतना ही नहीं उन्होंने 5 मिनट से भी कम समय में मेरे लिए स्केच बनाया जिस पर मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रही हूं। इस शो में इतने विनम्र और टैलेंटेड व्यक्तित्वों से मिलकर मैं कृतज्ञ हूं। मेरे काम को इतना प्यार मिलता देखकर मैं इमोशनल हो गई हूं और इससे मुझे और कड़ी मेहनत की प्रेरणा मिलती है।"