‘थप्पड़ मार सकते थे’, नसीरुद्दीन शाह से क्यों डरते थे इम्तियाज अली? ‘मैं वापस आऊंगा’ के सेट का सुनाया किस्सा
Imtiaz Ali: हाल ही में फिल्ममेकर इम्तियाज अली ने ‘मैं वापस आऊंगा’ फिल्म के सेट का किस्सा सुनाते हुए शेयर किया कि एक सीन की शूटिंग के वक्त उन्हें डर था कि कहीं नसीरुद्दीन शाह उन्हें थप्पड़ ना मार दें। जानिए उन्होंने ऐसा क्यों कहा।
विस्तार
इम्तियाज अली की आने वाली फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ इन दिनों काफी चर्चा में है। फिल्म में दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना, शरवरी और दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह जैसे शानदार कलाकार नजर आने वाले हैं। हाल ही में इम्तियाज अली ने नसीरुद्दीन शाह के साथ काम करने का अपना अनुभव शेयर किया, जो अब खूब सुर्खियां बटोर रहा है।
इम्तियाज अली ने क्यों कहा ऐसा?
इम्तियाज ने बताया कि वह शूटिंग के दौरान नसीरुद्दीन शाह को बार-बार रोककर डायरेक्शन देते रहते थे और कई बार उनसे रीटेक भी मांग लेते थे। मजेदार बात ये है कि उन्हें खुद लगता है कि इसके लिए नसीर साहब उन्हें थप्पड़ भी मार सकते थे।
द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया से बातचीत में इम्तियाज ने कहा कि वह नसीरुद्दीन शाह के साथ काफी खुलकर काम कर रहे थे, जबकि वेदांग रैना और शरवरी के साथ ऐसा नहीं था। उन्होंने कहा, ‘नसीर साहब ऐसे एक्टर हैं कि आप उन्हें कुछ भी कहो, वह तुरंत अपने परफॉर्मेंस में बदलाव ले आते हैं।’
इम्तियाज ने सुनाया मजेदार किस्सा
इम्तियाज ने एक क्लाइमैक्स सीन का किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि एक इमोशनल सीन की शूटिंग के बाद नसीरुद्दीन शाह पूरी तरह थक चुके थे, लेकिन फिर भी उन्होंने एक और टेक मांग लिया।
उन्होंने कहा, ‘मैंने दिलजीत से कहा कि मैं नसीर साहब से एक और टेक मांगने वाला हूं। इस पर दिलजीत बोले, ‘ओह बाप रे! मैं तो बाहर जा रहा हूं, आप मांग लो सर।’ जब इम्तियाज टेक मांगने गए तो फिर नसीर साहब ने कहा, ‘ये क्या बकवास है, मैं एक और टेक कैसे करूं? आखिर चाहिए क्या तुम्हें?’
नसीर साहब बच्चे की तरह रिएक्ट करते हैं
हालांकि बाद में इम्तियाज ने उन्हें समझाया और नसीरुद्दीन शाह फिर से सीन करने के लिए तैयार हो गए। इम्तियाज ने कहा कि नसीर साहब एक बच्चे की तरह रिएक्ट करते हैं, क्योंकि वह हर सीन को पूरी ईमानदारी और इंटेंसिटी के साथ निभाते हैं।
दिलचस्प बात ये है कि इतना सब होने के बाद भी फिल्म में उसी सीन का पहला टेक इस्तेमाल किया गया। इम्तियाज ने कहा, ‘मैं नसीरुद्दीन शाह को इस फिल्म में देखने के लिए बहुत एक्साइटेड हूं, क्योंकि मैंने उन्हें पहले कभी इस अंदाज में नहीं देखा। मैं उन्हें सिर्फ वही किरदार नहीं देना चाहता था जो लोग उनसे उम्मीद करते हैं। नसीर साहब जैसा कलाकार कुछ नया डिजर्व करता है।’
ये भी पढ़ें- Jasprit Bumrah: क्या बुमराह ने भी उड़ाया राम चरण का मजाक? अभिनेता का फोटो शेयर कर यश से की तुलना! जानें सच
‘मैं वापस आऊंगा’ एक लव स्टोरी है, जिसकी कहानी भारत-पाकिस्तान बंटवारे के दौर में सेट की गई है। हाल ही में रिलीज हुए ट्रेलर में नसीरुद्दीन शाह अपने अधूरे प्यार की कहानी दिलजीत दोसांझ को सुनाते नजर आए। वहीं वेदांग रैना फिल्म में नसीर साहब के यंग वर्जन का किरदार निभा रहे हैं और शरवरी उनकी लव इंटरेस्ट बनी हैं। यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।