Gangubai Kathiawadi Song Out: फिल्म का नया गाना ‘जब सैंया’ हुआ रिलीज, शांतनु माहेश्वरी के साथ रोमांस करती नजर आईं आलिया भट्ट
हाल ही में आलिया भट्ट की फिल्म गंगूबाई का नया गाना ‘जब सैंया’ रिलीज हो गया है। फिल्म के इस गाने में आलिया अपने किरदार से बिल्कुल विपरीत रोमांस करती नजर आ रही हैं।
विस्तार
बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट जल्द ही अपनी आने वाली फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ में नजर वाली हैं। इसी क्रम में अभिनेत्री भी अपनी इस अपकमिंग फिल्म के प्रमोशन में व्यस्त चल रही हैं। संजय लीला भंसाली के निर्देशक में बनी यह फिल्म सेक्स वर्कर गंगुबाई की बायोपिक है। फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद से ही दर्शक इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ट्रेलर में अभिनेत्री का लुक और दमदार अभिनय दर्शकों को बेहद पसंद आ रहा है। इसी बीच इस फिल्म का एक नया गाना सामने आ गया है।
हाल ही में आलिया भट्ट की फिल्म गंगूबाई का नया गाना ‘जब सैंया’ रिलीज हो गया है। फिल्म के इस गाने में आलिया अपने किरदार से बिल्कुल विपरीत रोमांस करती नजर आ रही हैं। फिल्म के ट्रेलर में आलिया राजनीति और क्राइम की दुनिया पर अपना राज जमाती दिखाई दी थीं। ऐसे में अभिनेत्री का फिल्म में यह रोमांटिक अंदाज दर्शकों के लिए बिल्कुल नया है।
सामने आए इस गाने में अभिनेत्री बेहद खूबसूरत नजर आ रही है। साथ ही वह इस गाने में अभिनेता शांतनु माहेश्वरी के साथ रोमांस करती दिख रही हैं। इस गाने को सारेगामापा के यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया है। गाने में शांतनु माहेश्वरी और आलिया भट्ट की जोड़ी एक- दूसरे के साथ परफेक्ट नजर आ रही हैं। साथ ही दोनों पर गाने में कई खूबसूरत रोमांटिक दृश्य भी फिल्माए गए हैं।
2 मिनट 57 सेकेंड के गाने को अबतक 9 लाख 70 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है। इससे पहले इस फिल्म का पहला गाना 'ढोलिडा' रिलीज किया गया था। इस गाने को दर्शकों ने बेहद पसंद किया था। यह गाना फिल्म का एक सेलिब्रेटी गरबा नंबर है, जिसमें गंगूबाई उर्फ आलिया भट्ट ढोल की धुन पर डांस करती नजर आ रही हैं। गाना सुनकर ऐसा लग रहा है कि यह इस साल का फेस्टिव एंथम बनने वाला है।
फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी की बात करें तो यह एक क्राईम ड्रामा फिल्म है, जो मुंबई की एक कोठे वाली की कहानी पर आधारित है। आलिया भट्ट इस फिल्म में गंगूबाई की मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी। इसके अलावा फिल्म में अजय देवगन, विजय राज और शांतनु महेश्वरी दिखाई देंगे। यह फिल्म देशभर में 25 फरवरी को रिलीज की जाएगी।